हिट एंड रन के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कराएं -कलेक्टर
पीएम राहत, रोड सेफ्टी, जीरो फैटलिटी की समीक्षा बैठक
(सतना) कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि हिट एंड रन के शेष बचे प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें। इसी प्रकार अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के राहत प्रकरणों में भी कोई भी प्रकरण 60 दिवस से अधिक समय तक भुगतान के लिए लंबित नहीं रहने चाहिए। पीएम राहत, जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट और हिट एंड रन की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने यह निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, डीएफओ मयंक चांदीवाल, आयुक्त नगर निगम डॉ. नागार्जुन बी गौडा, सीईओ जिला पंचायत सपना त्रिपाठी, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम राहुल सिलाडिया, डिप्टी कलेक्टर संदीप परस्ते भी उपस्थित थे। रोड सेफ्टी की बैठक में बताया गया कि चिन्हांकित 150 लोकेशन पर ट्रैफिक और आरटीओ तथा सड़क एजेंसी के अधिकारियों को ज्वाइंट विजिट करना है।
जिनमें 21 लोकेशन लोक निर्माण विभाग के हैं, जबकि 127 लोकेशन पर संकेतक लगाए जाने की कार्यवाही की जानी है। पीएम राहत योजना में बताया गया कि सतना जिले के सभी शासकीय और निजी चिकित्सा संस्थाएं योजना में रजिस्टर्ड कर ली गई हैं। अब तक दुर्घटनाग्रस्त लोगों के इलाज खर्च के लिए कुल 154 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जिनमें 135 प्रकरणों में स्वीकृति दी जा चुकी है। सतना जिले में कुल 54 चिकित्सा संस्थाएं योजना में रजिस्टर्ड की गई है।
