ACC-अदाणी प्रबंधन के फैसले से कैमोर में हड़कंप, वेंडर सिस्टम खत्म करने पर उठे सवाल

Advertisement

सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट, वेंडर्स ने फैसले पर पुनर्विचार की उठाई मांग

(कैमोर) कैमोर स्थित ACC-अदाणी प्रबंधन द्वारा वेंडर सिस्टम को समाप्त करने के निर्णय ने क्षेत्र में व्यापक असंतोष पैदा कर दिया है। इस फैसले से जुड़े सैकड़ों परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय वेंडर्स और श्रमिकों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था से कंपनी को किसी प्रकार का आर्थिक नुकसान नहीं हो रहा था, ऐसे में इस व्यवस्था को समाप्त करना समझ से परे है।

वेंडर्स का आरोप है कि यह निर्णय सीधे तौर पर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की रोजी-रोटी छीनने जैसा है। वर्षों से जुड़े छोटे-छोटे व्यापारी और सप्लायर इस सिस्टम के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे, लेकिन अचानक लिए गए इस फैसले ने उन्हें अंधेरे में धकेल दिया है।

ज्ञात हो कि भाजपा की वरिष्ठ नेत्री श्रीमती सुनीता मुंगेरिया ने इस मुद्दे को क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के समक्ष प्राथमिकता से उठाया था जिसे विधायक श्री पाठक ने गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान में लिया है।

इस मुद्दे पर स्थानीय जनप्रतिनिधि क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने ACC प्रबंधन से विनम्र अपील करते हुए कहा कि वेंडर कोड सिस्टम, जो पूर्ववत चल रहा था, उसे यथावत जारी रखा जाए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस विषम परिस्थिति में वे सभी वेंडर्स के साथ मजबूती से खड़े हैं और उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

क्षेत्र में इस निर्णय को लेकर विरोध के स्वर तेज हो रहे हैं और लोगों को उम्मीद है कि प्रबंधन जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगा।

✍️ (संतोष प्रसाद तिवारी)
   RPKP INDIA NEWS
              कैमोर

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें