जनसुनवाई में कलेक्टर श्री तिवारी ने सुनीं 174 आवेदकों की समस्याएं अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण के दिए निर्देश
(कटनी) कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे 174 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का तथ्यात्मक परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रमोद चतुर्वेदी, एवं ज्योति लिल्हारे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, संबल योजना, प्रसूति सहायता राशि, ऋण तथा भूमि आदि से संबंधित समस्याओं के आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत बिलहरी निवासी सौरभ चौरसिया ने ग्राम बिलहरी में तीन अपूर्ण सामुदायिक भवनों की तत्काल जांच एवं कार्रवाई के लिए आवदेन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार ग्राम बिरूहली के समस्त ग्रामवासियों ने क्षमता स्व-सहायता समूह बिरूहली को शासकीय उचित मुल्य दुकान प्रदान करने के लिए आवेदन दिया। वहीं ग्राम जुगिया निवासी विजय कुमार ने खराब किस्म का बीज विक्रय करने की शिकायत की।
इसी प्रकार ग्राम गाताखेडा निवासी भोलाराम चौधरी ने गरीबी रेखा का राशन कार्ड बनवाने के संबंध में आवदेन प्रस्तुरत किया। जबकि ग्राम मदनपुरा निवासी मनोज कुशवाहा ने लगभग एक वर्ष से खराब विद्युत मीटर तथा अनावश्यक बिजली बिल जारी होने के संबंध में शिकायत की। इसके अलावा ग्राम गुडगडौही निवासी रवि कुमार यादव ने पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तु्त किया। कलेक्टर श्री तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन का परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
