समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की विभागीय कार्यों की व्यापक समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों पर सख्त निर्देश
राजस्व वसूली एवं स्वरोजगार के लक्ष्य हासिल करें अधिकारी – कलेक्टर
त्योहारों में सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता पर रहेगी सतत निगरानी
कलेक्टर ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को खाद्य सामग्री की बिक्री, गुणवत्ता एवं शुद्धता पर सतत निगरानी रखने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
पटाखों की दुकानों के आसपास सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने, निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने तथा आगजनी की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में आग से जलने के मामलों एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, संसाधन और व्यवस्थाएं तैयार रखने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर नागरिकों को तत्काल उपचार मिल सके।
सेवा संकल्प अभियान में लक्ष्य आधारित कार्य करें विभाग
कलेक्टर ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए। सभी विभाग अपने कार्यों की प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी निर्धारित पोर्टल पर समय पर अद्यतन करें। पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि अभियान की प्रगति का सही आकलन किया जा सके।
चुरहट में लगेगा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का अगला शिविर
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आगामी शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बताया कि अगला शिविर चुरहट में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करें। नागरिकों को शासकीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं, जिससे शिविर का अधिकतम लाभ आमजन को मिल सके।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल औपचारिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं संतुष्टिपूर्ण समाधान किया जाना चाहिए।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र आवेदकों को निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों एवं आवेदनों के निराकरण के लगभग एक माह बाद फॉलोअप कैंप आयोजित कर हितग्राहियों को की गई कार्रवाई और प्रकरणों की स्थिति से अवगत कराने को कहा। इससे निराकरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त होगी और नागरिकों का शासकीय सेवाओं के प्रति विश्वास मजबूत होगा।
न्यायालयीन मामलों में समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान
कलेक्टर ने न्यायालयों में लंबित दावा-आपत्तियों एवं अवमानना संबंधी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर कार्रवाई करना आवश्यक है। संबंधित अधिकारी प्रकरणों की नियमित निगरानी करें और जवाब प्रस्तुत करने की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न होने दें। साथ ही संबंधित कार्यालयों को भी प्रकरणों की स्थिति एवं की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।
पर्यटन विकास से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, मजबूत होगी स्थानीय अर्थव्यवस्था
कलेक्टर ने जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि पर्यटन स्थलों की संभावनाओं का बेहतर उपयोग स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति दे सकता है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और छोटे व्यवसायों, स्थानीय उत्पादों तथा सेवा गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने संबंधित विभागों को पर्यटन विकास की दिशा में समन्वित प्रयास करने तथा स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली और स्वरोजगार के लक्ष्यों की पूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता
वित्तीय वर्ष की पहली छमाही पूर्ण होने के मद्देनजर कलेक्टर ने सभी विभागों को राजस्व वसूली की नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण में प्रगति लाने के लिए विभागीय स्तर पर कार्ययोजना बनाकर उसके अनुरूप कार्रवाई की जाए।
स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वरोजगार के लक्ष्यों की प्राप्ति अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (एसीआर) का महत्वपूर्ण बिंदु रहेगी। इसलिए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने, उन्हें उपलब्ध अवसरों की जानकारी देने और स्वरोजगार स्थापित करने में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करें, जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक विभागीय दायित्व में जवाबदेही के साथ अपेक्षित परिणाम प्राप्त करने पर विशेष ध्यान दें।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
