राहुल गांधी को गांव, गरीब एवं किसान के बारे में नहीं है कोई अनुभव : नरेंद्र सिंह तोमर

(नई दिल्ली) केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी को गांव, गरीब एवं  किसान के बारे में कोई अनुभव और दर्द नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सोचना चाहिए कि जब आपने अपने घोषणापत्र में इन्हीं कृषि कानूनों को लाने के लिए कहा था तो आप उस समय झूठ बोल रहे थे या आज झूठ बोल रहे हैं। तोमर ने आगे कहा कि राहुल गांधी किसानों को गुमराह करने और देश में अराजकता का वातावरण बनाने की कोशिश ना करें। उनकी इन्हीं आदतों और ऐसी हल्की समझ की वजह से वो कांग्रेस में भी सर्वमान्य नेता नहीं रहे। तोमर ने कहा कि किसान यूनियन के पास कोई प्रस्ताव नहीं है इसलिए वो चर्चा करने के लिए नहीं आ रहे हैं। भारत सरकार किसान यूनियन के साथ चर्चा करने के लिए तैयार है।

ट्रैक्टर चलाकर संसद भवन के गेट तक पहुंचे थे राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में ट्रैक्टर चलाकर संसद भवन परिसर के गेट तक पहुंचे और कहा कि केंद्र को इन तीनों कानूनों को वापस लेना होगा। उनके साथ मौजूद रहे कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया। राहुल गांधी जो ट्रैक्टर चला रहे थे उस पर उनके साथ राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा, प्रताप सिंह बाजवा और पार्टी के कुछ अन्य सांसद बैठे थे। इस ट्रैक्टर के आगे एक बैनर भी लगा था जिस पर ”किसान विरोधी तीनों काले कृषि कानून वापस लो-वापस लो लिखा हुआ था।

तीनों कृषि कानून वापस लिए जाने की मांग

तीनों कृषि कानून वापस लिए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के प्रति समर्थन जताने वाले राहुल गांधी ने कहा, ”सरकार के मुताबिक, आंदोलन कर रहे किसान आतंकवादी हैं। किसानों की बात नहीं सुनी जा रही है। दो-तीन बड़े उद्योगपतियों के लिए ये कानून लाए गए हैं। यह बात पूरा देश जानता है। इन कानूनों को वापस लेना पड़ेगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें