ग्राम हांसई मेवदा में अभियान चलाकर नेहरू युवा केन्द्र ने किया मतदाताओं को जागरुक
(मुरैना) कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अंकित अस्थाना के मार्गदर्शन में और सीईओ जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले के नेतृत्व में गुरूवार को जनपद पंचायत मुरैना की ग्राम पंचायत हांसई मेवदा में नेहरू युवा केन्द्र द्वारा स्वीप प्लान के तहत अभियान चलाकर मतदाताओं को जागरुक किया। कार्यक्रम के दौरान गांव में जन जागरुकता रैली निकाली गई, जो गांव का भ्रमण करते हुए शासकीय प्राथमिक शाला पहुंच कर सम्पन्न हुई। जहां मानव श्रृंखला बनाकर और संगोष्ठी आयोजित कर मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के लिए जागरुक किया। नेहरू युवा केन्द्र के उपनिदेशक श्री राकेश सिंह तोमर ने कहा कि पंचायत चुनावों में मतदान के लिए जितना उत्साह हम दिखाते हैं, उतना उत्साह विधानसभा और लोकसभा निर्वाचनों में नहीं दिखाते हैं, जो कि लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। लोकतंत्र में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है, चाहे किसी भी स्तर का निर्वाचन हो। हमें हर निर्वाचन में बिना किसी लालच, जाति, धर्म, वर्ग, क्षेत्र के बहकावे में न आकर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं स्वविवेक से मतदान करना चाहिए। जनपद पंचायत के एपीओ श्री रविन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान करना बहुत ही महत्वपूर्ण है। प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। आजीविका मिशन के डीपीएम श्री दिनेश तोमर ने लोकतंत्र में मतदान का महत्व, मताधिकार का प्रयोग, वृद्ध, दिव्यांग और महिला मतदाताओं को निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित मतदाताओं को मतदान की शपथ भी दिलाई गई।
