जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ में दिव्यांग मित्र की सहायता से वृद्ध जन एवं दिव्यांगजनों को कराया गया मतदान

कलेक्टर श्री अवि प्रसाद के निर्देशन में नोडल अधिकारी (दिव्यांगजन) नयन सिंह द्वारा दिव्यांग एवं वृद्धों को दी गई बेहतर सुविधाएं

(विजयराघवगढ़) लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव में सामान्य मतदाताओं के साथ ही दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार सभी मतदान केंद्रों में दिव्यांग एवं वृद्धजनों को विशेष सुविधाएं प्रदान की गई। कलेक्टर श्री अवि प्रसाद के निर्देश पर जिले के सभी मतदान केंद्रों में रैंप और व्हीलचेयर की व्यवस्था के साथ ही हर मतदान केंद्र के लिए एक दिव्यांग मित्र, समन्वयक की व्यवस्था भी की गई थी जो चलने फिरने में असमर्थ दिव्यांग व वृद्ध मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र तक लाकर वोट करा रहे थे और वोटिंग के बाद सुरक्षित घर तक भी छोड़ रहे थे।

इसके अलावा मतदान अधिकारियों को दिव्यांगजनों को बिना कतार में लगवाए प्राथमिकता के आधार पर पहले मतदान कराए जाने के निर्देश भी प्रशिक्षण के दौरान ही दे दिए गए थे । दिव्यांग मतदाता 1950 एवं भारत निर्वाचन आयोग के सक्षम एप के माध्यम से भी अपनी समस्या बता सकते थे और सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।

 

जिला स्तर पर इसके लिए अलग से मॉनिटरिंग सेल बनाया गया था,जिसे दिव्यांग सेल का नाम दिया गया था। इसके अतिरिक्त प्रत्येक निकाय(जनपद पंचायत एवं नगर निगम कटनी) में नोडल अधिकारी एवं सहायक नियुक्त किए गए हैं । दिव्यांग सेल मतदान दिवस के पहले से ही दिव्यांग व वृद्ध मतदाताओं को आवश्यक सुविधाएं दिए जाने की तैयारियों में जुटा हुआ था जिसके तहत प्रत्येक बूथ में रैंप, व्हील चेयर की उपलब्धता सुनिश्चित करना, दिव्यांग मित्रों/ समन्वयकों का चयन एवं प्रशिक्षण, दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाता जागरूकता अभियान चलाना व इसकी निगरानी करना, मतदान के दिन दिव्यांग या वृद्ध मतदाता से शिकायत या मांग मिलने पर उसका निराकरण करना इत्यादि कार्य कर रहा था।

लोकसभा निर्वाचन अंतर्गत जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ की विभिन्न ग्राम पंचायतों में दिव्यांग मित्र की सहायता से वृद्ध जन एवं दिव्यांगजनों को मतदान कराया गया। दिव्यांग मतदाता कमलेश पांडे ग्राम पंचायत देवरीमझगवा द्वारा मतदान केंद्र पर प्रदाय व्हीलचेयर के माध्यम से मताधिकार का प्रयोग किया गया। शेख सत्तार पिता शेख रहमान उम्र 92 वर्ष मतदान केंद्र क्रमांक 159 कमरा न 1प्राथमिक शाला भवन सिजहरा, जियालाल पिता राममिलन विश्वकर्मा उम्र 40 वर्ष मतदान केंद्र क्रमांक 159
शा प्रा शा भवन सिजहरा कमरा नंबर 1 ने सामाजिक न्याय विभाग से प्राप्त मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल पर आकर मताधिकार का प्रयोग किया।

जिले के प्रशासनिक मुखिया कलेक्टर श्री अवि प्रसाद के निर्देशन एवं नोडल अधिकारी (दिव्यांगजन) श्री नयन सिंह के मार्गदर्शन में निर्वाचन में दिव्यांग एवं वृद्धों के लिए बेहतर कार्य किया गया, जिसकी काफी सराहना की गई।

✍️ (संतोष प्रसाद तिवारी)
RPKP INDIA NEWS
           कैमोर

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें