कलेक्टर, एसपी ने 88 वर्षीय वयोवृद्ध महिला मतदाता के घर पहुंचकर कराई होम वोटिंग
ईसीआई की होम वोटिंग सुविधा प्रक्रिया हुई आसान, मतदान प्रक्रिया हुई सुगम
(विदिशा) भारत निर्वाचन आयोग की होम वोटिंग सुविधा प्रक्रिया आसान हुई है जिससे मतदान प्रक्रिया सुगम हो गई है। आयोग की मंशा अनुरूप कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बुद्धेश कुमार वैद्य के मार्गदर्शन में आज से होम वोटिंग प्रक्रिया शुरू हुई है जो एक मई तक जारी रहेगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बुद्धेश कुमार वैद्य एवं पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार शुक्ला ने आज स्वंय विदिशा संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम लश्करपुर में पहुंचकर 88 वर्षीय वयोवृद्ध महिला मतदाता श्रीमती श्यामबाई गुर्जर को होम वोटिंग कराई है। होम वोटिंग सुविधा से वयोवृद्ध मतदाता श्रीमती गुर्जर ने सुगमतापूर्वक मतदान किया है मतदान दल के द्वारा मतदाता के घर पहुंचकर मतदान केंद्र की तर्ज पर तमाम प्रबंध सुनिश्चित करते हुए वोट करने की सुविधा मुहैया कराई गई थी।
कलेक्टर श्री वैद्य ने वयोवृद्ध मतदाता श्रीमती श्यामबाई गुर्जर के घर पहुंचकर सबसे पहले उनका फूल माला से स्वागत किया और अपना परिचय देते हुए आने के उद्धेश्य को रेखांकित किया है। हास्यात्मक वातावरण में मतदाता श्रीमती गुर्जर ने कहा कि मैं कलेक्टर से बडी हूूॅ। कलेक्टर ने भी उम्र का तकाजा देखते हुए मतदाता का बडा होना स्वीकार करते हुए दोनो हाथ जोड़कर अभिवादन किया। वयोवृद्ध मतदाता श्रीमती गुर्जर ने दोनो हाथो से आशीर्वाद देेते हुए शुभकामनाएं अभिव्यक्त की है।
गौरतलब हो कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशो अनुसार विदिशा जिले में भी दिव्यांग एवं 85 प्लस आयु वर्ग के मतदाताओं को होम वोटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। विदिशा जिले में निर्धारित प्रपत्रो में जानकारी दर्ज कर दिव्यांग और 85 प्लस आयु वर्ग के कुल 306 मतदाताओं को होम वोटिंग सुविधा मुहैया कराई जा रही है।
इस दौरान विदिशा एसडीएम एवं सहायक रिटर्निग ऑफिसर श्री क्षितिज शर्मा, जनपद सीईओ श्री प्रमोद कुमार खरे समेत अन्य विभागों के अधिकारी एवं मतदान दल मौजूद रहा।
दिव्यांग व वरिष्ठ मतदाताओं ने सुगमतापूर्वक किया मतदान
होम वोटिंग सुविधा से जिले की पांचो विधानसभाओं में दिव्यांग व 85 प्लस आयुवर्ग के वरिष्ठ मतदाताओं ने सुगमता से मतदान किया है। आज मंगललवार को जिले की विदिशा विधानसभा क्षेत्र की 89 वर्षीय मतदाता श्रीमती मेवाबाई, ग्राम सुआखेड़ी निवासी 99 वर्षीय मतदाता श्रीमती हंसोबाई तथा विदिशा नगरीय क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 18 टीलाखेड़ी के दिव्यांग मतदाता 37 वर्षीय श्री आलोक श्रीवास्तव ने होम वोटिंग सुविधा से सुगमता पूर्वक मतदान किया है। इसके अलावा शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र में दिव्यांग मतदाता शीलाबाई एवं शमशाबाद के ही ग्राम जोहद 88 वर्षीय वयोवृद्ध मतदाता श्रीमती पानबाई एवं वरिष्ठ मतदाता श्री राम सिंह के साथ-साथ जिले के अन्य दिव्यांग व 85 प्लस मतदाताओं ने होम वोटिंग सुविधा से घर पर ही मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में सहभागिता निभाई है।
