24 चुनाव प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला , मतगणना की सभी तैयारियां पूरी, मतगणना परिसर कृषि उपज मंडी के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात
(कटनी) – जिले में 19 अप्रैल एवं 26 अप्रैल को चारों विधानसभा क्षेत्रों में हुए शांतिपूर्ण मतदान के जनादेश का वक्त आ गया है। मतगणना का काउंट डाउन शुरू हो गया है। मतगणना मंगलवार 4 जून को कृषि उपज मंडी पहरूआ में होगी। इसके साथ ही शहडोल लोकसभा क्षेत्र और खजुराहो लोकसभा क्षेत्र को मिलाकर चुनाव लड़ रहे 24 प्रत्याशियों का मतदान दिवस क्रमशः 19 अप्रैल एवं 26 अप्रैल के बाद से ईव्हीएम मशीनों मे बंद किस्मत का फैसला मंगलवार की मतगणना मे हो जायेगा। मतगणना कार्य शांतिपूर्ण प्रक्रिया से संपादित करने समूची मतगणना परिसर के लिए धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है, जो मतगणना की अंतिम प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेगी।
मतगणना कर्मियों का मतगणना दिवस 4 जून मंगलवार को सुबह 5 बजे तृतीय रेंडमाइजेशन किया गया। जिसमें मतगणना कर्मियों को गणना टेबिल का आवंटन किया जाएगा। मतगणना सुबह 8.00 बजे से होगी। इसके लिए सुरक्षा सहित सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रेक्षकों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम से ईव्हीएम मशीनें निकाली जाएंगी।
मतगणना के लिए करीब तीन सौ से अधिक कर्मचारी सहित सहयोगी व अन्य व्यवस्थाओं के लिएभी करीब 300 कर्मियों की सेवायें ली जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था के लिए सशस्त्र पुलिस बल और जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति के लिए भी कर्मचारी तैनात हैं।पूरे मतगणना परिसर के चप्पे-चप्पे पर कड़ी और मुस्तैद सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवि प्रसाद स्वयं पिछले कई दिनों से मतगणना की सभी जरूरी व्यवस्थाओं की निगरानी करते आए हैं। श्री प्रसाद ने मतगणना स्थल के कोने -कोने में भ्रमण कर एक -एक व्यवस्था का बारीकी से मुआयना किया है।
यहां देखे जा सकेंगे परिणाम
मंगलवार की सुबह आठ बजे से ईवीएम में दर्ज मतों की गणना होगी। मतगणना का परिणाम भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://results.eci.gov.in और वोटर हेल्पलाइन एप पर देखे जा सकेंगे। वोटर हेल्पलाइन एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा। इसके अलावा https://ceomadhyapradesh.nic.in पर भी मतगणना के परिणाम प्रदर्शित किये जाएंगे।
24 प्रत्याशी हैं मैंदान में
जिले की बड़वारा विधानसभा क्षेत्र शहडोल संसदीय क्षेत्र में आती है यहां से 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान मे है। जबकि जिले की मुड़वारा, बहोरीबंद एवं विजयराघगढ़ विधानसभा क्षेत्र खजुराहो संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आती है। यहां से 14 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे है।
प्रवेश हेतु दो गेट
मतगणना प्रांगण में मीडियाकर्मियों, अभ्यर्थियों ,निर्वाचन अभिकर्ता ,गणना अभिकर्ताओं को गेट नंबर एक मुख्य प्रवेश द्वार से प्रवेश मिलेगा। जबकि अधिकारियों और कर्मचारियों को गेट नंबर दो से प्रवेश मिलेगा। लेकिन प्रवेश केवल प्रवेश पत्र धारकों और मीडिया प्राधिकार पत्र धारकों को ही मिलेगा।
मीडिया सेंटर में है मोबाइल फोन की अनुमति
मीडियाकर्मियों के लिए मीडिया सेंटर तक मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति है। वहीं अभ्यर्थी, निर्वाचन अभिकर्ता, गणना अभिकर्ता, जिन्हें प्रवेश पास जारी किया गया है। उन्हें गेट नंबर एक मुख्य प्रवेश द्वार से मीडिया सेंटर के बाज़ू में बने सार्वजनिक उपयोग कक्ष तक मोबाइल सहित प्रवेश की अनुमति होगी। लेकिन मतगणना हाल में जाने के पूर्व मोबाइल फोन सार्वजनिक उपयोग कक्ष में मोबाइल जमा काउंटर में जमा करना होगा।
यहां लगेंगे टीवी स्क्रीन
कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश के बाद नगर निगम सीमा क्षेत्र में पन्ना मोड़, मिशन चौक, माधवनगर चौराहा और सुभाष चौक में मतगणना परिणाम टीवी ट्रेंड के प्रसारण का प्रबंध किया गया है।
मतगणना के दिन शुष्क दिवस घोषित
लोकसभा निर्वाचन – 2024 के अंतर्गत 4 जून को मतगणना होगी। इसी के मद्देनजर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अवि प्रसाद ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के प्रावधानों के तहत मतगणना दिवस को सम्पूर्ण जिले में शुष्क दिवस घोषित किया है। इस दौरान जिले में सम्पूर्ण दिवस के लिए समस्त कम्पोजिट मदिरा दुकानें, रेरेस्तरा बार (एलएफ 2) तथा स्टोरेज देशी मदिरा भंडारागाह कटनी को बंद रखा जायेगा।

