“होमगार्ड और सिविल डिफेंस संकट की हर घड़ी में प्रदेश की सुरक्षा-ढाल” : मंत्री निर्मला भूरिया

स्थापना दिवस पर झाबुआ में भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम सम्पन्न

(भोपाल) होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस पर झाबुआ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि होमगार्ड, सिविल डिफेंस और SDERF के जवान संकट, आपदा अथवा आकस्मिक परिस्थितियों में प्रथम प्रतिवादी के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना के कारण ये बल प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने सभी जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं और समाज-सेवा में तत्पर रहने का आह्वान किया।

ध्वज सलामी और परेड

समारोह की शुरुआत ध्वज को सलामी देने से हुई। इसके बाद होमगार्ड, सिविल डिफेंस एवं SDERF की टुकड़ियों ने परेड सलामी दी। परेड में आर्म्स प्लाटून, अनआर्म्स प्लाटून एवं सिविल डिफेंस की महिला और पुरुष प्लाटून शामिल रहीं। छात्राओं के बैंड दल ने भी आकर्षक प्रस्तुति दी।

सम्मान वितरण

स्थापना दिवस समारोह में उत्कृष्ट सेवा एवं श्रेष्ठ कार्य के लिए विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, जवानों तथा सिविल डिफेंस वालेंटियर्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही विभागीय कार्मिकों के मेधावी विद्यार्थियों को भी प्रमाण-पत्र और नगद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

प्रदर्शनी और मॉकड्रिल

कार्यक्रम में आधुनिक आपदा बचाव उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल में भवन में आग लगने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य की संयुक्त कार्यप्रणाली का प्रभावी प्रदर्शन किया गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें