पुरातत्व एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में अतुलनीय योगदान पर नारायण व्यास को पद्मश्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दी बधाई
(भोपाल) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने पुरातत्व एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं अतुलनीय योगदान के लिए पद्मश्री पुरस्कार हेतु चयनित पुरातत्वविद् श्री नारायण व्यास को गुरुवार को भोपाल स्थित उनके आवास पर भेंट कर आत्मीय बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर श्री खण्डेलवाल ने कहा कि श्री व्यास ने देश की ऐतिहासिक विरासत, पुरातात्विक धरोहरों और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण व संवर्धन के लिए जो कार्य किए हैं, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका योगदान न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

भेंट के दौरान भाजपा की प्रदेश मंत्री सुश्री राजो मालवीय, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा एवं जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति भी उपस्थित रहे। सभी ने श्री व्यास को पद्मश्री सम्मान के लिए चयनित होने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

