नीलकंठेश्वर धाम में 231 दिवसीय आध्यात्मिक महाआयोजन की पूर्णाहुति, भंडारे के साथ हुआ भव्य समापन

Advertisement

विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की गरिमामयी उपस्थिति, भजन गायक हेमंत ब्रजवासी ने बांधा समां

(कैमोर/विजयराघवगढ़) नीलकंठेश्वर धाम में विगत 231 दिनों से निरंतर चल रहे आध्यात्मिक एवं धार्मिक महाआयोजन का आज वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधानपूर्वक पूर्णाहुति के साथ भव्य समापन हुआ। इस दीर्घकालीन आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन पूजा-अर्चना, हवन, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन एवं आरती जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे, जिनमें क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
समापन दिवस पर विशेष पूजा-अर्चना एवं पूर्णाहुति संपन्न की गई। शंखध्वनि, डमरू-निनाद और “हर-हर महादेव” के जयघोष से संपूर्ण परिसर भक्तिमय वातावरण में गुंजायमान हो उठा।

हेमंत ब्रजवासी की भजन संध्या बनी मुख्य आकर्षण

समापन अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायक हेमंत ब्रजवासी ने भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान करते हुए अपनी मधुर प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। शिवभक्ति से ओतप्रोत भजनों पर श्रद्धालु भक्ति रस में लीन होकर झूमते नजर आए।

विधायक संजय सत्येंद्र पाठक एवं सांसद गणेश सिंह का प्रेरणादायी उद्बोधन

समारोह में क्षेत्र के विधायक एवं प्रधान सेवक संजय सत्येंद्र पाठक एवं सतना सांसद गणेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। नीलकंठेश्वर धाम परिवार की ओर से आयोजक बाबू ग्रोवर ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
विधायक एवं सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि नीलकंठेश्वर धाम में प्रत्येक वर्ष कोई न कोई नया एवं प्रेरणादायी कार्य होता आ रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि इस वर्ष 6 फरवरी को यहां राधा-कृष्ण मंदिर का निर्माण कराकर राधा-कृष्ण एवं सुदामा जी की प्रतिमाओं की स्थापना की गई, जिससे धाम की आध्यात्मिक गरिमा और बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि 231 दिनों तक निरंतर धार्मिक आयोजन करना केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज में संस्कार,एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

विधायक श्री पाठक ने भजन गायक हेमंत ब्रजवासी की सराहना करते हुए कहा कि उनके भजन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करते हैं और भक्ति भाव को सशक्त बनाते हैं।उन्होंने मुख्य आयोजक श्री मदन लाल ग्रोवर,बाबू ग्रोवर,एवं समस्त नीलकंठेश्वर धाम परिवार की प्रशंसा करते हुए कहा कि बाबू ग्रोवर निरंतर धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता भी करते रहे हैं। उन्होंने शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सेवा कार्य भविष्य में भी निरंतर चलते रहें और समाज को प्रेरणा देते रहें।

विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

संपूर्ण अनुष्ठान के पूर्णाहूति के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं।नीलकंठेश्वर धाम में 231 दिनों तक चला यह महाआयोजन श्रद्धा, भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता की अनुपम मिसाल बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

अनिल चावला,अध्यक्ष
पत्रकार संघ कैमोर

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें