अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर SHG महिलाओं को मिला ड्रिप सिंचाई सिस्टम, “एक बगिया माँ के नाम” योजना से बढ़ेगी आय

Advertisement

(विजयराघवगढ़) मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना “एक बगिया माँ के नाम” के तहत स्व-सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से पात्र हितग्राही महिलाओं को ड्रिप इरिगेशन सिस्टम (ड्रिप सेट) का सामूहिक वितरण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत कटनी की सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर (IAS) की उपस्थिति में महिलाओं को ड्रिप सिंचाई सिस्टम प्रदान किया गया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “एक बगिया माँ के नाम” योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और ड्रिप सिंचाई तकनीक से खेती अधिक लाभकारी बनेगी।

योजना के अंतर्गत ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी पात्र महिलाओं को उनकी निजी भूमि पर 0.5 से 1 एकड़ क्षेत्र में फलदार बगिया विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार द्वारा पौधे, खाद, कंटीले तार की फेंसिंग, जलकुंड निर्माण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जबकि अदाणी फाउंडेशन द्वारा सिंचाई के लिए ड्रिप इरिगेशन सिस्टम उपलब्ध कराया गया है।

विशेषज्ञों के अनुसार ड्रिप सिंचाई तकनीक के माध्यम से पौधों की जड़ों तक बूंद-बूंद पानी पहुंचता है, जिससे 60 से 70 प्रतिशत तक पानी की बचत होती है और पौधों का विकास बेहतर होता है। इससे महिलाओं को कम मेहनत में अधिक उत्पादन मिलेगा। फलदार पौधों की दो कतारों के बीच की भूमि में अंतर्वर्गीय फसल भी उगाई जा सकेगी, जिससे शुरुआती वर्षों में आय का अतिरिक्त स्रोत मिलेगा।

इस परियोजना के अंतर्गत प्रत्येक ब्लॉक में न्यूनतम 100 महिलाओं का चयन कर उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इससे महिलाएं न केवल पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रही हैं, बल्कि भविष्य में फल उत्पादन के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने में भी सक्षम होंगी।

कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुधा कोल, जनपद उपाध्यक्ष उदयराज सिंह, एसडीएम विवेक गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष विजयराघवगढ़ श्रीमती राजेश्वरी दुबे, नगर परिषद अध्यक्ष कैमोर श्रीमती पलक नामित ग्रोवर, उपाध्यक्ष संतोष केवट, भाजपा जिला मंत्री मनीष मिश्रा, मंडल अध्यक्ष श्रीराम सोनी, भाजपा महिला मोर्चा जिला महामंत्री श्रीमती सुनीता दाहिया, सीएमओ मनीष परते, जनपद पंचायत सीईओ ब्रतेश जैन, बीएमओ विनोद कुमार, ओएचसी कैमोर सीमेंट सोमा श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

जनपद पंचायत उपाध्यक्ष उदयराज सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अदाणी फाउंडेशन और जनपद पंचायत सहित मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन की टीम की सराहना करते हुए सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दी।

मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन की डीपीएम श्रीमती सबाना बेगम के मार्गदर्शन में ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर विवेक द्विवेदी, प्राणेंद्र गुप्ता, रानी गुप्ता और अरविंद मिश्रा ने हितग्राही चयन व कार्यक्रम संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अदाणी फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व एनेट एफ. विश्वास ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में फाउंडेशन के सीएसआर कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सरकार और कॉर्पोरेट के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में विजयराघवगढ़ ब्लॉक की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अदाणी फाउंडेशन टीम के पंकज द्विवेदी, अमित सोनी, विशाल पटेल, प्रमोद कुमार, जितेश विश्वकर्मा, बंदना डेविड, विभा पटेल, अयोध्या तिवारी, पारसमणि पटेल, अरुणा थापा, महेश कुमार, रामेश्वर गुप्ता, नरेन्द्र चौरसिया तथा प्रतीक मिश्रा का विशेष सहयोग रहा।

✍️ (संतोष प्रसाद तिवारी)
   RPKP INDIA NEWS
                कैमोर

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें