चुरहट नगर परिषद की कार्यप्रणाली के खिलाफ युवाओं का मोर्चा, अनियमितताओं पर जताया विरोध
साफ-सफाई, कचरा उठाव, स्वर्ग रथ मरम्मत और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच की उठी मांग
चुरहट (सीधी)। नगर परिषद चुरहट की कार्यप्रणाली में कथित अनियमितताओं को लेकर नगर के युवाओं और व्यापारियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी के समक्ष मोर्चा खोल दिया। युवाओं ने विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।
आवेदन में प्रमुख रूप से वार्ड और मोहल्लों में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था, समय पर कचरा उठाने की व्यवस्था, स्वर्ग रथ की मरम्मत, सार्वजनिक प्रसाधनों की साफ-सफाई तथा नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की गई। युवाओं ने कहा कि निर्माण कार्यों का भुगतान गुणवत्ता परीक्षण के बाद ही किया जाना चाहिए।

इस दौरान उपस्थित नागरिकों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मांग की कि नगर परिषद से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि समय रहते अनियमितताओं का निराकरण नहीं किया गया तो जनमानस द्वारा अहिंसात्मक आंदोलन किया जाएगा। नगर परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र के नागरिकों में रोष व्याप्त है।
इस अवसर पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुखनन्दन भइया सोनी, ऋषि राहुल पाण्डेय, ज्ञानू सिंह, सूरज साकेत, प्रदीप पटेल, मोनू खान, राजकुमार गुप्ता, राम सजीवन वंशल, शिवम पाण्डेय, अनिल गुप्ता, वरुणेन्द्र पाण्डेय, राकेश गुप्ता सहित कई युवा नागरिक और व्यापारीगण उपस्थित रहे।
✍️ (मानिक लाल गुप्ता)
RPKP INDIA NEWS
चुरहट

