कलेक्टर ने किया कन्या महाविद्यालय के निर्माण कार्यों का निरीक्षण
गुणवत्ता व सुरक्षा पर दिया विशेष जोर बेहतर शिक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश
(सीधी) कलेक्टर विकास मिश्रा ने कन्या महाविद्यालय सीधी के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को दिए।
कलेक्टर ने महाविद्यालय परिसर में बन रहे विभिन्न भवनों और सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान निर्माणाधीन छात्रावास की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और हाउसिंग बोर्ड को कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण होना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने महाविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई तथा छात्राओं के लिए उपलब्ध शैक्षणिक वातावरण पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि छात्राओं को बेहतर अध्ययन माहौल उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रभावी ढंग से कर सकें।
इसके साथ ही कलेक्टर ने खेल सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया और कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और खेल मैदान एवं अन्य सुविधाओं को विकसित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, तहसीलदार मीनाक्षी जायसवाल, महाविद्यालय के प्राचार्य ओपी नामदेव, सहित संबंधित विभागीय अधिकारी तथा महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहे।
