सामूहिक विवाह सम्मेलन से आर्थिक रूप से कमजोर, असमर्थ एवं जरूरतमंद परिवारों को मिलता है बड़ा सहारा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री ने जबलपुर जिले के शहपुरा में हुए सामूहिक कन्या विवाह-निकाह सम्मेलन में वीसी से की सहभागिता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी नवदम्पत्तियों को मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज हमारी 200 बेटियों का घर बस गया। यह सिर्फ़ एक वैवाहिक सम्मेलन नहीं, समाज में खुशियों और विश्वास का एक नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामूहिक विवाह समाज में समानता, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। इन सम्मेलनों से आर्थिक रूप से कमजोर, असमर्थ एवं जरूरतमंद परिवारों को बड़ा सहारा मिलता है। हम बेटियों के मान-सम्मान, आजीविका और इनके सशक्तिकरण के लिए कोई भी कमी नहीं रखेंगे। मुख्यमंत्री ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमारी सरकार का सौभाग्य है कि हमने बेटियों के पक्ष से मेजबान के रूप में बारातियों की मेहमाननवाजी कर इस पुण्य कार्य में सहभागिता की है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हमारी बेटियों का जीवन हर तरह से खुशहाल और सुरक्षित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामूहिक विवाह-निकाह सम्मेलन के सफल आयोजन-संचालन के लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं जोड़ों के अभिभावकों, परिजनों को भी बधाई दी।
