सिहावल में सामूहिक विवाह-निकाह समारोह: 83 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, 6 निकाह संपन्न नए जीवन की शुरुआत संस्कार और जिम्मेदारी के साथ करें — सांसद डॉ. मिश्रा

अब बेटियों के विवाह की चिंता नहीं, सरकार बनी सहारा — विधायक श्री पाठक

(सीधी) मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत प्रांगण सिहावल में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य, विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 83 जोड़ों का विवाह एवं 6 जोड़ों का निकाह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराए गए। पूरे आयोजन में पारंपरिक उल्लास, सांस्कृतिक गरिमा एवं सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। सभी नवदंपत्तियों को शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली 49-49 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।

सांसद डॉ. मिश्रा ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना समाज के कमजोर एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार को सम्मानजनक और सहज बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने नवदंपत्तियों से आह्वान किया कि वे नशामुक्त जीवन अपनाएं, परिवार की जिम्मेदारियों को समझें और आपसी प्रेम, विश्वास एवं संस्कारों के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चलाई जा रही योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, जिससे सामाजिक न्याय और समावेशी विकास को बल मिल रहा है।

विधायक सिहावल श्री पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह एवं निकाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी और अभिनव पहल है। पहले जहां बेटियों के विवाह को लेकर परिवारों में चिंता रहती थी, वहीं अब इस योजना ने उस चिंता को काफी हद तक दूर किया है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. भीमराव अंबेडकर का सपना था कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे। इसी सोच के साथ सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कानून एवं संविधान के दायरे में रहकर अपने जीवन को आगे बढ़ाएं और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें।

जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि इस प्रकार के सामूहिक विवाह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करती है, बल्कि समाज में समानता और गरिमा का संदेश भी देती है। उन्होंने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे अपने वैवाहिक जीवन को प्रेम, समझदारी और आपसी सहयोग से आगे बढ़ाएं तथा समाज के लिए प्रेरणा बनें।

जनगणना 2027:सीधी जिला जनगणना के लिए पूरी तरह तैयार है… 

मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना अंतर्गत सिहावल में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. राजेश मिश्रा द्वारा जनगणना 2027 की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नवदंपत्तियों सहित उपस्थित सभी नागरिकों ने जनगणना की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। शपथ के माध्यम से सभी ने यह प्रतिबद्धता व्यक्त की कि वे जनगणना के दौरान सही एवं सटीक जानकारी प्रदान करेंगे, अपने आसपास के लोगों को इसके प्रति जागरूक करेंगे तथा जनगणना को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देंगे। जनभागीदारी को सशक्त आधार मानते हुए सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि सीधी जिला जनगणना को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेंद्र सिंह सोलंकी, उपखंड  अधिकारी सिहावल राजेश शुक्ला, अतिरिक्त सीईओ धनंजय मिश्रा, जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, तहसीलदार जयप्रकाश पाण्डेय, बीडीओ रश्मि पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास प्रवेश मिश्रा, सरपंच मुन्नी प्रजापति सहित नवविवाहित जोड़े, उनके परिजन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें