ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने सफाई व्यवस्था से नाराज़ होकर नगर निगम अधिकारियों को लगाई फटकार

Advertisement

आपका सेवक आपके द्वार अभियान के तहत मंत्री ने वार्ड 36 में किया समस्याओं का त्वरित समाधान

(भोपाल) ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शुक्रवार को उप नगर ग्वालियर के वार्ड 36 स्थित पीजीव्ही कॉलेज जीवाजी गंज से “आपका सेवक आपके द्वार” अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों से घर-घर जाकर सीधा संवाद किया और उनकी तकलीफों का स्थल पर ही समाधान किया। इस दौरान जगह-जगह सफाई व्यवस्था की बदहाली देख ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने नगर निगम के सम्बन्धित क्षेत्रीय अधिकारी को फटकार लगाते हुए तुरंत सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

मंत्री श्री तोमर ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन का पहला कदम है। अपने घर-प्रतिष्ठान के आस-पास के क्षेत्र को साफ रखें, ग्वालियर को हरा-भरा बनाएं। स्वच्छ हाथ, स्वस्थ शरीर के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।

मंत्री श्री तोमर ने कहा कि धूल-मिट्टी को साफ़ करने के लिए हमें स्वयं झाडू उठाकर स्वच्छता अभियान को पूरे ग्वालियर के लिए एक जन-आंदोलन का रूप देना होगा। उन्होंने कहा कि लोगों को न तो स्वयं गंदगी फैलानी चाहिए और न ही किसी और को फैलाने देना चाहिए। उन्होंने नारा दिया कि “न गंदगी करेंगे, न करने देंगे।” ऊर्जा मंत्री ने लोगों को स्वच्छता अभियान में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया और यह अनुरोध किया कि अन्य लोगों को इस पहल में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।

मंत्री श्री तोमर शुक्रवार 1 मई को सुबह 9 बजे उप नगर ग्वालियर के वार्ड 36 स्थित पीजीव्ही कॉलेज जीवाजी गंज मुख्य द्वार पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ के सम्बन्ध में जानकारी ली तथा बिजली, पानी, सीवर, साफ-सफाई से सम्बन्धित शिकायतों का समाधान निर्धारित समय-सीमा में करने के निर्देश दिए।

ऊर्जा मंत्री ने सिकरवारी मोहल्ला, न्यू शांति नगर, धोबी घाट, हजारेश्वर महादेव मंदिर, बड़े महादेव मंदिर, अनुसूचित जाति बस्ती से होते हुए जलाल खां की गोठ इलाकों में भी आपका सेवक आपके द्वार अभियान के तहत स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने वार्ड भ्रमण के दौरान दोपहर का भोजन बाल्मीकि समाज के श्री अशोक खरे के यहाँ पर कटहल की सब्जी और रोटी ग्रहण की। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत ट्रांसफार्मर के चारों ओर जाली लगाने तथा नीचे लटक रहीं विद्युत लाइनों को ठीक कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें