मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत इंदौर से, जुलाई से सड़कों पर उतरेंगी नई बसें
150 इलेक्ट्रिक बसों के साथ इंदौर बनेगा प्रदेश का पहला मॉडल ट्रांसपोर्ट हब, अन्य राज्यों के लिए भी चलेगी बस सेवा
भोपाल। मुख्यमंत्री Mohan Yadav की अध्यक्षता में आयोजित मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की बैठक में प्रदेश की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। योजना के तहत बस संचालन की शुरुआत सबसे पहले इंदौर संभाग से की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जुलाई माह से इंदौर क्षेत्र में तीन श्रेणियों की बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इनमें इंदौर से प्रदेश के अन्य जिलों को जोड़ने वाली इंटरसिटी बसें, शहर एवं उपनगरीय क्षेत्रों के लिए सिटी बसें और महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश के लिए अंतर्राज्यीय बस सेवाएं शामिल हैं।
इंदौर को मिलेंगी 150 इलेक्ट्रिक बसें
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत इंदौर शहर में 150 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी जुलाई से शुरू किया जाएगा। इससे यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी।

प्रदेशभर में 5206 बसों का नेटवर्क
प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि पूरे मध्यप्रदेश को इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, जबलपुर और रीवा सहित सात परिवहन क्षेत्रों में विभाजित किया गया है। इन क्षेत्रों में कुल 1164 मार्गों पर 5206 बसों का संचालन प्रस्तावित है।
इंदौर क्षेत्र में ही 250 मार्गों पर कुल 1688 बसों के संचालन की योजना तैयार की गई है। इनमें इंटरसिटी, सिटी और अंतर्राज्यीय बसें शामिल होंगी।
यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि बस सेवाओं से जुड़े सभी मार्गों पर यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जिला प्रशासन और नगरीय निकायों को बस स्टैंड, प्रतीक्षालय और अन्य जनसुविधाओं को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए।
1190 नए पदों को मिली मंजूरी
बैठक में राज्य स्तरीय कंपनी और सात क्षेत्रीय सहायक कंपनियों के लिए कुल 1190 पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई। इन पदों को अगले चार वर्षों में चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा।

