नगर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने खोला मोर्चा, पार्षद जयशंकर उरमलिया के नेतृत्व में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग
नवनिर्मित बस स्टैंड शुरू करने से लेकर सड़क, सफाई और सुलभ कॉम्प्लेक्स की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग
विजयराघवगढ़। RPKP INDIA NEWS
नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नगर पंचायत पार्षद जयशंकर उरमलिया के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विजयराघवगढ़ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से नगरवासियों की सुविधा एवं जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में नवनिर्मित बस स्टैंड को सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ शीघ्र प्रारंभ करने, मुख्य मार्ग पर बने गड्ढों को भरकर सड़क को सुगम बनाने तथा बायपास रोड के गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई।

इसके अलावा सुलभ कॉम्प्लेक्स को 24 घंटे खोले रखने, नगर की नालियों की नियमित सफाई तथा प्रत्येक वार्ड में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर की साफ-सफाई एवं सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से सीधे तौर पर आम नागरिक प्रभावित होते हैं, इसलिए इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाना आवश्यक है।
पार्षद जयशंकर उरमलिया ने कहा कि नवनिर्मित बस स्टैंड का उपयोग शुरू होने से यात्रियों एवं नगरवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। वहीं मुख्य मार्ग एवं बायपास के गड्ढों के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है, इसलिए तत्काल मरम्मत आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से ज्ञापन में उठाई गई सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा की है।
इस अवसर पर शरद द्विवेदी, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिनगौड़ी, घनश्याम मिश्रा, सरवर खान एवं भैया लाल सेन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
