एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन, मलेशिया को 5-1 से हराकर जीता स्वर्ण
लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों में चैंपियन बनी भारतीय टीम, लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए किया क्वालीफाई
जापान। 20वें एशियाई खेल आइची-नागोया में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। 3 अक्टूबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 5-1 के बड़े अंतर से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशियाई खेलों में लगातार दूसरी बार हॉकी का स्वर्ण पदक हासिल किया और 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भी सीधे क्वालीफाई कर लिया।
भारतीय टीम की इस शानदार उपलब्धि पर मध्यप्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने भारतीय टीम के सदस्य और मध्यप्रदेश पुलिस में उप पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सागर प्रसाद को भी इस ऐतिहासिक सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
स्वर्ण पदक विजेता टीम का हिस्सा रहे डीएसपी विवेक सागर प्रसाद
भारतीय पुरुष हॉकी टीम की स्वर्णिम सफलता में मध्यप्रदेश पुलिस के उप पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सागर प्रसाद का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम के मिडफील्डर के रूप में उन्होंने प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का हिस्सा बने।
विवेक सागर प्रसाद की इस सफलता से मध्यप्रदेश पुलिस भी गौरवान्वित है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी के मंच पर लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने न केवल भारतीय हॉकी को गौरव दिलाया, बल्कि मध्यप्रदेश पुलिस का नाम भी देश और खेल जगत में रोशन किया है।
कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कर चुके हैं देश का प्रतिनिधित्व
इटारसी क्षेत्र के चांदौन निवासी श्री विवेक सागर प्रसाद वर्ष 2021 में मध्यप्रदेश पुलिस में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर नियुक्त हुए थे। इससे पहले भी वह भारतीय पुरुष हॉकी टीम के साथ कई महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं।
विवेक सागर प्रसाद टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम, 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली टीम, 19वें एशियन गेम्स 2023 में स्वर्ण पदक विजेता टीम और पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य रहे हैं।
भारतीय हॉकी के लिए एक और गौरवपूर्ण अध्याय
एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष हॉकी टीम की यह स्वर्णिम सफलता देश के खेल इतिहास में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुई है। फाइनल में मलेशिया पर 5-1 की शानदार जीत ने भारतीय टीम के दबदबे को एक बार फिर साबित किया।
वहीं, टीम के सदस्य के रूप में डीएसपी विवेक सागर प्रसाद की लगातार अंतरराष्ट्रीय सफलताएं मध्यप्रदेश के साथ-साथ मध्यप्रदेश पुलिस के लिए भी गर्व का विषय हैं।
