बरही अग्निहादसे के मृतकों के परिजनों को मिली 24 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से प्रत्येक मृतक के वारिस को 4 लाख रुपये की सहायता राशि
(कटनी) बरही अग्निहादसे में छह व्यक्तियों की मृत्यु से प्रभावित परिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर 24 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के वारिस को 4-4 लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए थे। इसके परिपालन में मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई है।
कलेक्टर कटनी श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला कोषालय के माध्यम से वारिस रितेश कुमार अग्रवाल को 16 लाख रुपये तथा दीपिका अग्रवाल को 8 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। उल्लेखनीय है कि बरही निवासी श्री पूरनलाल अग्रवाल के आवासीय भवन एवं उसमें संचालित दुकान में आग लगने से परिवार के छह सदस्यों की मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद कलेक्टर कार्यालय द्वारा 11 नवंबर को शासन को आर्थिक सहायता का प्रस्ताव भेजा गया था। मुख्यमंत्री द्वारा संवेदनशीलता के साथ सहायता स्वीकृत किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने तत्परता से राशि का भुगतान सुनिश्चित किया।
