छठ महापर्व अब पूरे देश की आस्था और उत्सव का पर्व: CM मोहन यादव, प्रेमपुरा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
मुख्यमंत्री ने छठी मैया की पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया, व्रती महिलाओं से लिया आशीर्वाद; कहा- छठ पर्व त्याग, तपस्या और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक
भोपाल। RPKP INDIA NEWS। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छठ महापर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सूर्यदेव की उपासना और लोक आस्था का महापर्व छठ अब केवल पूर्वी भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे देश में उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ मनाया जाने वाला पर्व बन चुका है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के प्रेमपुरा घाट पर आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि छठ महापर्व पवित्रता, संयम, अनुशासन और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। इस पर्व पर माताएं और बहनें अपने परिवार की सुख-समृद्धि, पति की लंबी आयु, बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना के लिए 36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं। यह कठिन तपस्या और त्याग पूरे समाज को प्रेरणा देता है।
उन्होंने छठी मैया के पावन पर्व पर सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए ईश्वर से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
प्रकृति और सूर्यदेव के प्रति आस्था का प्रतीक है छठ पर्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व हमें प्रकृति के साथ जुड़ने और ऊर्जा के अनंत स्रोत भगवान सूर्यनारायण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है। इस पर्व की विशेषता है कि इसमें उदय होते सूर्य के साथ-साथ अस्त होते सूर्य को भी अर्घ्य अर्पित कर नमन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ परिवार की खुशहाली तथा परमात्मा के आशीर्वाद की कामना करते हैं। इस पर्व पर प्रसाद और पकवान भी घरों में पारंपरिक तरीके से तैयार किए जाते हैं, जो इसकी सांस्कृतिक विशेषता को दर्शाते हैं।
प्रेमपुरा घाट पर मुख्यमंत्री ने की छठी मैया की पूजा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रेमपुरा घाट पहुंचकर व्रती महिलाओं को प्रणाम किया और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने छठी मैया की पूजा-अर्चना की तथा सूर्यदेव की उपासना में शामिल होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
इस दौरान प्रेमपुरा घाट का वातावरण फूलों, दीपों और रंगोलियों से सजा हुआ था। छठ के पारंपरिक गीतों से पूरा घाट भक्तिमय नजर आया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने ‘छठी मैया की जय’ और ‘सूर्यदेव की जय’ के जयकारों के साथ उनका स्वागत किया।
घाट पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में आस्था और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला।
जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत विधायक श्री भगवान दास सबनानी ने किया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती मालती राय, श्री रविन्द्र यति, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पूर्वांचल समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
छठ महापर्व के आयोजन ने भोपाल में पूर्वांचल की समृद्ध लोक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
