जिले के सभी 83 शासकीय छात्रावासों का होगा निरीक्षण कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी, भोजन, पेयजल, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था की होगी जांच
(कटनी) जिले में संचालित सभी शासकीय छात्रावासों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने छात्रावासों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित करते हुए अलग-अलग छात्रावासों का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। जिले में जनजातीय कार्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं जिला शिक्षा केंद्र द्वारा संचालित कुल 83 छात्रावासों का अधिकारी निरीक्षण करेंगे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी छात्रावासों के संचालन, विद्यालयों की व्यवस्थाओं, संसाधनों के रखरखाव एवं उनके सुदृढ़ीकरण की स्थिति का जायजा लेंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, स्वास्थ्य और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता की भी जांच की जाएगी। छात्रावासों में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता संबंधी गतिविधियों की स्थिति भी देखी जाएगी।
कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने आवंटित छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण करें। निरीक्षण के बाद प्रत्येक माह की 1 से 10 तारीख के बीच निर्धारित प्रारूप में प्रतिवेदन जिला पंचायत कटनी को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।वरिष्ठ अधिकारियों को भी सौंपी गई जिम्मेदारीजारी आदेश के अनुसार जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर को बरही स्थित राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह शासकीय बालक छात्रावास और अनुसूचित जाति नवीन सीनियर कन्या छात्रावास के निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास बरगवां तथा वीरांगना रानी दुर्गावती सीनियर कन्या छात्रावास, दुर्गा चौक खिरहनी का निरीक्षण करेंगी।
इसी प्रकार अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा को अनुसूचित जाति उत्कृष्ट सीनियर बालक छात्रावास कैम्प कटनी तथा एसडीएम कटनी श्री जितेंद्र पटेल को अनुसूचित जाति नवीन सीनियर बालक छात्रावास कैम्प कटनी का नोडल अधिकारी बनाया गया है। इनके अलावा अन्य विभागों के अधिकारियों को भी अलग-अलग छात्रावासों के निरीक्षण का दायित्व सौंपा गया है।
मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का होगा निरीक्षण निरीक्षण के दौरान छात्रावास भवनों की स्थिति, आवश्यक मरम्मत, अधोसंरचना, सुरक्षा इंतजाम और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का भी आकलन किया जाएगा। भोजन की गुणवत्ता, पेयजल की शुद्धता और परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। निरीक्षण से छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
