पश्चिम विधानसभा में 3 किमी तक निकली पैदल ज्योति कलश यात्रा
जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
(जबलपुर) लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के नेतृत्व में पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के गुलौआ चौक से करीब 3 किलोमीटर तक पैदल ‘ज्योति कलश यात्रा’ निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में आमजन शामिल हुए। इस दौरान मार्ग में क्षेत्र के नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा गुलौआ चौक से आनंद कुंज तिराहा, गौतम जी की मढिया होते हुए वापस गुलौआ चौक पहुंची जहां यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा के समापन पर मंत्री श्री सिंह ने नागरिकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने हृदय से सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि कड़ी धूप के बावजूद नागरिकों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही यह यात्रा सफल हुई है।
मंत्री श्री सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति भी आभार जताते हुए कहा कि आज उनका जो मार्गदर्शन मिला है, वह अद्भुत है। हम सभी उनके मार्गदर्शन को आत्मसात करते हुए आगे बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में सांसद श्री आशीष दुबे, जेडीए अध्यक्ष श्री संदीप जैन, महामंत्री पंकज दुबे सहित पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
