कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाएं उद्योगपति एवं युवाओं के लिए खोलें रोजगार के नए अवसर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

FICCI के शताब्दी अधिवेशन में पीएम मोदी की उद्योग जगत से अपील, बोले– सरकार ने टैक्स में दी बड़ी राहत, अब इसका लाभ कर्मचारियों तक भी पहुंचाएं

नई दिल्ली।RPKP INDIA NEWS प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (FICCI) के शताब्दी अधिवेशन को संबोधित करते हुए देश के उद्योगपतियों और निजी कंपनियों से कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार ने टैक्स व्यवस्था में बड़े बदलाव कर आम जनता और उद्योग जगत को राहत दी है। अब निजी क्षेत्र की भी जिम्मेदारी है कि इस आर्थिक लाभ का फायदा कर्मचारियों तक पहुंचाया जाए।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर आयकर छूट का उल्लेख करते हुए उद्योगपतियों से सवाल किया कि क्या कंपनियों ने इस राहत का लाभ अपने कर्मचारियों को दिया है? क्या कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी की गई और नई भर्तियां शुरू हुईं? उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में पूछा कि कहीं उद्योग जगत यह सोचकर तो नहीं बैठा है कि ‘मोदी जी आप करो, हम देख लेंगे।’ उनकी इस टिप्पणी पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंसी गूंज उठी।

पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 में 30 प्रतिशत रही बेसिक कॉरपोरेट टैक्स दर को घटाकर 22 प्रतिशत किया गया है। सरकार का उद्देश्य कारोबार को बढ़ावा देना, निवेश आकर्षित करना और देश की आर्थिक गतिविधियों को गति देना है। उन्होंने कहा कि टैक्स में राहत मिलने से आम लोगों की खर्च करने की क्षमता बढ़ती है, जिसका सीधा लाभ बाजार और अर्थव्यवस्था को मिलता है। टैक्स रिफंड प्रक्रिया में भी हुआ बदलाव प्रधानमंत्री ने टैक्स व्यवस्था में हुए सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले आयकर रिफंड मिलने में कई-कई महीने लग जाते थे, लेकिन अब रिटर्न की प्रक्रिया काफी तेज हो गई है और कई मामलों में एक सप्ताह के भीतर रिफंड मिल रहा है।

तेजी से आगे बढ़ रही भारतीय अर्थव्यवस्था देश की आर्थिक प्रगति पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत पहले दुनिया की पांच सबसे कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था, लेकिन आज दुनिया की प्रमुख और तेजी से विकास करने वाली अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बना चुका है। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12 से 13 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने बताया कि अक्टूबर महीने में भारत का वस्तु निर्यात लगभग 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है।

प्रधानमंत्री के अनुसार, मूडीज, एसएंडपी, फिच, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने भी भारत की आर्थिक विकास दर के अनुमानों में बढ़ोतरी की है। भारतीय अर्थव्यवस्था के करीब 7 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ने की उम्मीद है।

विकसित भारत देश का संकल्प

अपने संबोधन के समापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश का संकल्प है। उन्होंने उद्योग जगत से देश की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने, निवेश बढ़ाने, रोजगार के अवसर पैदा करने और कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री का संदेश स्पष्ट है कि देश की आर्थिक तरक्की का लाभ केवल कंपनियों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका फायदा कर्मचारियों, युवाओं और आम नागरिकों तक भी पहुंचे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें