शहर आपका हमारा है, स्वच्छता सबकी जिम्मेदारी है – कलेकटर

स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जोड़कर बनायें जन अभियान
जिला अधिकारियों को सौंपा सुपरविजन का कार्य

कटनी – हमारा उद्देश्य कटनी को स्वच्छ करना है। इसमें सभी की भागीदारी हो, इसके लिये जिला अधिकारियों को भी हम सुपरविजन का काम सौंपने जा रहे हैं। हम इस शहर में रह रहे हैं। यह शहर हमारा-आपका है और इसकी स्वच्छता की जिम्मेदारी भी हम सबकी है। यह बात सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के तहत आयोजित बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कही। उन्होने स्पष्ट तौर पर शहर की स्वच्छता के लिये अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील जिला अधिकारियों से की। उन्होने कहा कि कटनी की स्वच्छता के प्रति हम भी अपनी जिम्मेदारी समझें। आप लोगों को हम महती भूमिका के साथ इस अभियान में जोड़ रहे हैं। जिसमें आप अपनी सक्रिय सहभागिता करें।

बैठक में नगर निगम आयुक्त सतेन्द्र धाकरे द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 पर आधारित पावर पॉईन्ट प्रेजेन्टेशन का प्रदर्शन किया। इसके माध्यम से उन्होने स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के कार्य के सुपरविजन के दौरान की जाने वाली गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होने गीला कचरा, सूखा कचरा, शहर में साफ-सफाई की प्रतिदिन हो रही गतिविधियों, नदी तालाबों की सफाई, समस्त सामुदायिक व सार्वजनिक शौचालय, ओडीएफ प्रोटोकॉल आदि के विषय में पीपीटी के माध्यम से नगर निगम आयुक्त ने जानकारी दी। उन्होने जिला अधिकारियों को विजिट के निर्धारित चैकलिस्ट के आधार पर निरीक्षण करने की बात कही।

स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 संबंधी बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने नगर निगम आयुक्त को स्वच्छता संबंधी आयोजित होने वाली प्रत्येक महत्वूपर्ण गतिविधियों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि स्वच्छता के इस अभियान को जन अभियान बनायें। जिला अधिकारियों को चैकलिस्ट दें। स्वच्छता सर्वेक्षण के नाम से वॉट्सग्रुप तैयार कर सभी अधिकारियों को उसमे जोड़ें और सभी अधिकारी अपने रियल टाईम इनपुट्स ग्रुप में अपडेट करें। नगर निगम शाम तक सारे इनपुट्स को संकलित कर उनका निराकरण करें।

बैठक में एसडीएम रोहित सिसोनिया, प्रिया चन्द्रावत, सपना त्रिपाठी सहित जिला अधिकारी मौजूद थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें