कमिश्नर श्री मिश्रा ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण
(कटनी) – कमिश्नर जबलपुर संभाग रवीन्द्र कुमार मिश्रा ने गुरुवार की शाम जिला अस्पताल पहुंचकर विभिन्न वार्डों एवं अस्पताल परिसर तथा चिकित्सा कक्षों का निरीक्षण किया। इस मौके पर कलेक्टर शशिभूषण सिंह, कमिश्नर नगर निगम आर0पी0 सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 एस0के0 निगम, सिविल सर्जन डॉ0 एस0के0 शर्मा, एसडीएम बलबीर रमन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग नयन सिंह, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव भी उपस्थित थे।
कमिश्नर श्री मिश्रा ने जिला अस्पताल के ओपीडी पंजीयन, दवा वितरण काउन्टर में कराये गये विकास कार्यों और आकस्मिक चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होने सर्जिकल वार्ड मेल और फीमेल सर्जिकल वार्ड में जाकर मरीजों से रुबरु चर्चा की और उन्हें मिल रहे उपचार सेवा, नाश्ता, भोजन, दवाईयों एवं जांच के संबंध में जानकारी ली। कमिश्नर ने सर्जिकल वार्ड के बैड नम्बर 8 पर भर्ती हरदुआ के शिवचरण चौधरी और बैड क्रमांक 3 पर भर्ती राम प्रसाद भुल्लर से बीमारी और मिले उपचार के संबंध में पूछताछ की। कमिश्नर ने कहा कि प्रत्येक मरीज के बैड पर उसकी केसशीट उपलब्ध रहनी चाहिये। उन्होने कहा कि मरीजों की जांच, उपचार और दवा तथा भोजन सुविधा प्रॉपर मिलनी चाहिये।
कमिश्नर ने कहा कि अस्पताल के प्रत्येक वार्ड में मैट्रन या नर्स का चैम्बर बनायें और इस काउन्टर पर मरीजों को दी जाने वाली दवाई का समय चार्ट व्यवस्थित करें। मरीजों को समय पर दवा या इन्जेक्शन दिया गया, इसकी तस्दीक आरएमओ द्वारा की जाये। कमिश्नर ने पैथालॉजी का निरीक्षण किया और जांच सुविधा की जानकारी ली। उन्होने नवनिर्मित मॉड्यूलर ओटी तथा सामान्य ओटी भी देखा।
कमिश्नर श्री मिश्रा ने पोषण पुर्नवास केन्द्र के निरीक्षण के दौरान कहा कि महिला एवं बाल विकास के समन्वय से अतिकम वजन के बच्चों को एनआरसी में उपचारित करने का कैलेण्डर बनायें। ताकि स्वीकृत बैड संख्या का अधिकतम उपयोग हो। उन्होने उपचारित बच्चों की माताओं को की गई कौशलिंग के बारे में भी जानकारी ली। उन्होने कहा कि एनआरसी में बड़ी टीवी स्क्रीन लगाकर बच्चों के मनोरंजन के लिये प्लेगेम चलायें। कमिश्नर ने नवजात शिशु गहन चिकितसा इकाई का भी निरीक्षण किया।

