मध्यप्रदेश की धरती पर हर गरीब परिवार के पास होगा अपना आवास
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मैं पंधाना की धरती से पूरे प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक फैसला लेने जा रहा हूँ। प्रदेश का कोई भी गरीब बिना आवास नहीं रहेगा। हर गरीब परिवार के पास आवास के लिए जमीन का टुकड़ा होना चाहिए। प्रदेश के हर गरीब परिवार को उपयुक्त स्थान पर रहने के लिए आवासीय भूमि राज्य शासन द्वारा दी जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खंडवा जिले के पंधाना में 103 आँगनवाड़ी के नव-निर्मित भवनों और पोषण वाटिकाओं के लोकार्पण कार्यक्रम में कही।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खंडवा जिले के पंधाना में जन-कल्याण और सुराज अभियान में प्रदेश की महिलाओं एवं बालिकाओं को अनेक सौगातें दीं। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना में 75 हजार 961 बालिकाओं को 21 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में 25 हजार गर्भवती एवं धात्री माताओं को 5 करोड़ रुपए की मातृत्व सहायता राशि का वितरण किया। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 32 जिलों के 103 आँगनवाड़ी केंद्रों के नव-निर्मित भवनों और 52 जिलों की 10 हजार पोषण वाटिकाओं का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 22 जिलों के कुपोषण से सामान्य पोषण श्रेणी में आये बच्चों की माताओं को पोषण अधिकार सूचना-पत्र भी वितरित किये।
वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, खंडवा जिले की प्रभारी एवं संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सुश्री उषा ठाकुर सहित विधायक जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खंडवा जिले को दी कई सौगातें
-
बलखड़ में नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा।
-
छैगांव माखन में सीएम राइज स्कूल खोला जाएगा।
-
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंधाना को सीएम राइज स्कूल बनाया जाएगा।
-
छैगांव माखन में 3 करोड़ 33 लाख 31 हजार रूपये की लागत से ट्राइबल सीनियर बालक छात्रावास का निर्माण किया जाएगा।
-
नगर परिषद पंधाना के विकास के लिए 5 करोड़ की राशि प्रदान की जाएगी।
-
छैगांव माखन को नई तहसील बनाया जाएगा।
-
सिंगोट में नवीन उप तहसील कार्यालय भवन बनाया जाएगा।
-
सड़क निर्माण और सिंचाई परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूर्ण किया जायेगा।

