डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने की राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द से मुलाकात
(नई दिल्ली) भारत यात्रा पर आयीं डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन और उनके पति ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द से राष्ट्रपति भवन में शिष्टाचार मुलाकात की। राष्ट्रपति कोविन्द ने मुलाकात के दौरान भारत और डेनमार्क के पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देश एक जैसे विचारों और मूल्यों में विश्वास रखते हैं। दोनों देशों के बीच हुई हरित प्रौद्योगिकी साझेदारी आपसी संबंधों को और भी मजबूती प्रदान करेगी।
राष्ट्रपति ने दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि डेनमार्क के सार्वजनिक और निजी क्षेत्र पहले से ही मेक इन इंडिया, जल जीवन मिशन, स्मार्ट सिटीज, डिजिटल इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया, स्वच्छ भारत और स्वच्छ गंगा आदि क्षेत्रों में सहयोग कर रहे हैं।
राष्ट्रपति ने डेनमार्क की महारानी मार्गरेट द्वितीय को भारत की आजादी के अमृत वर्ष के दौरान अगले साल भारत आने का निमंत्रण दिया। राष्ट्रपति ने भारत में कोरोना महामारी की दूसरी लहर के दौरान एकजुटता के लिए डेनमार्क सरकार और जनता को धन्यवाद दिया।
इस मुलाकात से पहले मेहमान नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता की थी। इस दौरान दोनों देशों के बीच हरित प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के करारों पर हस्ताक्षर किये गये।

