MP Election 25 June Special : आरपीकेपी इंडिया न्यूज़ पर कटनी जिले की चुनाव से जुड़ी बड़ी खबरें
मतदाता निर्भीक होकर करें मतदान : राज्य निर्वाचन आयुक्त
पंचायतों के प्रथम चरण के मतदान की सभी तैयारियाँ पूर्ण
(भोपाल) राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री बसंत प्रताप सिंह ने कहा है कि त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के प्रथम चरण की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गयी है। श्री सिंह ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का उपयोग करें। मतदान जरूर करें। शनिवार 25 जून को सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान के तुरन्त बाद मतदान केन्द्र में ही मतगणना होगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह ने बताया है कि सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गयी है। अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। निर्वाचन कार्य में बाधा डालने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। प्रथम चरण के मतदान के लिए 52 हजार से अधिक पुलिस बल की ड्युटी लगायी गयी है।
प्रथम चरण में 52 जिलों के 115 विकासखण्ड की 8702 ग्राम पंचायतों के 26 हजार 902 मतदान केन्द्रों में मतदान होगा। इनमें से 22 हजार 915 सामान्य और 3 हजार 989 संवेदनशील मतदान केन्द्र हैं। इन केन्द्रों पर शनिवार को मतदान होगा। मतदान के दिन इन निर्वाचन क्षेत्रों में स्थानीय अवकाश रहेगा। श्री सिंह ने कहा है कि मतदाता मतदान करने जाते समय अपना पहचान-पत्र जरूर ले जायें।

कलेक्टर श्री मिश्रा और एस.पी. श्री जैन ने विजयराघवगढ़ के मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
कानून व्यवस्था और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की
(कटनी)- त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के तहत जिले के विकासखण्ड ढीमरखेड़ा और विजयराघवगढ़ में शनिवार 25 जून को होने वाले मतदान, मतगणना और अन्य चुनावी तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन ने संयुक्त रूप से विजयराघवगढ़ विकासखण्ड के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।
कलेक्टर श्री मिश्रा और पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने पुलिस थाना विजयराघवगढ़ पहुॅचकर कानून व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान विकासखण्ड विजयराघवगढ मे पंचायत चुनाव के लिए नियुक्त प्रभारी एवं जिला पंचायत जिला सी.ई.ओ जगदीश चन्द्र गोमे भी मौजूद रहे। मैदानी अमले को निर्देशित किया गया कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने पूरी सक्रियता से कार्य करें ताकि मतदाता निर्भीक होकर बिना डर व भय के मतदान कर सके।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने ग्राम कांटी और ग्राम पौनिया , ग्राम रमना और बंजारी तथा ग्राम झिरिया वं देवसरी पहुचकर मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं तथा मतदान दलों और मतदाताओं के लिए जरूरी इंतजामों को सुनिश्चित करनें का निर्देश दिया।
कलेक्टर ने मतदान दलों से बातचीत कर उनकी समस्यांए सुनीं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने विजयराघवगढ विकासखण्ड के पूरे कंम्यूनिकेशन प्लान की भी एस.डी.एम से जानकारी ली। मतदान कर्मियों को जहां हिदायत दी गई कि वे पूरी मुस्तैदी से चुनाव संपादित कराना सुनिश्चित करें। वहीं पुलिस कर्मियों को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने चाक – चौबन्द व्यवस्था बनाये रखने की हिदायत दी गई।

अपर कलेक्टर ने ढीमरखेड़ा पहुंचकर लिया मतदान की तैयारियों का जायजा
(कटनी) – अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो ने शुक्रवार को विकासखण्ड ढीमरखेड़ा पहुंचकर मतदान सामग्री वितरण सहित चुनाव प्रक्रियाओं से संबंधित जरूरी इंतजामों का जायजा लिया। श्री टोप्पो ने मतदान केन्द्रों मे पहुंचकर मतदान दलों के कर्मियों से संवाद किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
श्री टोप्पो को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने पंचायत चुनाव के लिए विकासखण्ड ढीमरखेड़ा का प्रभारी नियुक्त किया है। श्री टोप्पो ने ढीमरखेडा के मतदान केन्द्र सगौना, बरेली, रामपुर, हर्रई, तिलमन, बांध सहित ग्राम कोठी मे बनाये गए दो मतदान केन्द्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं और तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान आयुष तिवारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

विजयराघवगढ़ में सीईओ जिला पंचायत श्री गोमे एवं ढीमरखेड़ा में श्री टोप्पो को आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी हेतु सौंपे गए दायित्व
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मिश्रा ने जारी किया आदेश
(कटनी)- त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 के प्रथम चरण का मतदान राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार 25 जून को विजयराघवगढ़ एवं ढीमरखेड़ा जनपद क्षेत्रों में निर्धारित है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रियंक मिश्रा ने मतदान सामग्री वितरण, वापसी एवं मतदान दिवस के दिन आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने हेतु विजयराघवगढ़ में सीईओ जिला पंचायत श्री जगदीश चंद्र गोमे एवं ढीमरखेड़ा में अपर कलेक्टर श्री रोमानुस टोप्पो को दायित्व सौंपे हैं।
मताधिकार का करे प्रयोग-कलेक्टर श्री मिश्रा
(कटनी)- त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 का प्रथम चरण राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 25 जून, शनिवार को ढीमरखेडा एवं विजयराघवगढ़ में मतदान होगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा ने जिले के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के समस्त मतदाताओं से लोकतंत्र में पूर्ण आस्था के साथ लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाये रखते हुए इस महापर्व में ज्यादा से ज्यादा संख्या में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरिके से गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर बिना किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मतदान करनें की अपील की है।
कलेक्टर के निर्देश पर सीईओ जिला पंचायत श्री गोमे ने विजयराघवगढ़ के मतदान केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
(कटनी)- राज्य निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन के प्रथम चरण में जनपद क्षेत्र विजयराघवगढ़ में शनिवार 25 जून को मतदान होना है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर सीईओ जिला पंचायत श्री जगदीश चंद्र गोमे ने जनपद क्षेत्र विजयराघवगढ़ के मतदान केंद्र डोकरिया, सिंनगोड़ी, सिजहरा, बंजारी एवं अन्य मतदान केंद्रों का जायजा लिया तथा मतदान दलों हेतु मतदान केंद्रों पर की गई आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सिजहरा मतदान केंद्र पर विद्युत आपूर्ति की समस्या का समाधान स्थल पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर किया गया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री राकेश शुक्ला एवं परियोजना अधिकारी वाटरशेड सूरज शर्मा सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी रही।

अभ्यर्थियों को निर्वाचन के प्रतिदिन व्यय का विवरण देना होगा
(कटनी)- नगरीय निकायों के महापौर एवं पार्षद अभ्यार्थियों हेतु निर्वाचन व्यय (लेखा संधारण और प्रस्तुति) निर्देशन प्रस्तुत किये जाने की तिथि से निर्वाचन के परिणाम की घोषणा तक दिन-प्रतिदिन के व्यय का निरीक्षण कराया जाना है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा द्वारा दिये गए निर्देशों के परिपालन में महापौर एवं पार्षद पद के अभ्यर्थियों को स्वयं अथवा निर्वाचन अभिकर्ता के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन व्यय के दिन-प्रतिदिन के व्यय लेखों का ब्यौरा निर्धारित प्रोफार्मा, भाग, अनुसूची राज्य निर्वाचन के निर्देशानुसार कार्यालय कलेक्टर (निर्वाचन सदन) में उपस्थित होकर व्यय लेखा हेतु चरणबद्ध तरीके से कार्यक्रम निर्धारित करते हुए गठित समिति से निरीक्षण कराने हेतु पत्र जारी किया गया है।
जारी कार्यक्रम अनुसार प्रथम चरण में वार्ड क्रमांक 01 से 15 हेतु निरीक्षण 27 जून, वार्ड क्रमांक 16 से 30 तक, 28 जून, वार्ड क्रमांक 31 से 45 तक, 29 जून एवं महापौर अभ्यार्थी हेतु प्रथम चरण का निरीक्षण 27 जून को किया जायेगा।
द्वितीय चरण में वार्ड क्रमांक 01 से 15 हेतु निरीक्षण 04 जुलाई, वार्ड क्रमांक 16 से 30 हेतु 05 जुलाई, वार्ड क्रमांक 31 से 45 हेतु 06 जुलाई एवं महापौर अभ्यार्थी हेतु द्वितीय चरण का निरीक्षण 04 जुलाई को किया जायेगा।
तृतीय चरण में वार्ड क्रमांक 01 से 15 हेतु निरीक्षण 07 जुलाई, वार्ड क्रमांक 16 से 30 हेतु 09 जुलाई, वार्ड क्रमांक 31 से 45 हेतु 11 जुलाई, एवं महापौर अभ्यार्थी हेतु तृतीय चरण का निरीक्षण 11 जुलाई को किया जायेगा।
चतुर्थ चरण में वार्ड क्रमांक 01 से 11 हेतु निरीक्षण 25 जुलाई, वार्ड क्रमांक 12 से 22 हेतु 26 जुलाई, वार्ड क्रमांक 23 से 33 हेतु 27 जुलाई एवं वार्ड क्रमांक 34 से 45 हेतु 28 जुलाई तथा महापौर अभ्यार्थी हेतु चतुर्थ चरण का निरीक्षण 28 जुलाई को किया जायेगा।
मतदान के दौरान मतदाताओं की पहचान के लिए दस्तावेज निर्धारित
(कटनी) – राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की पहचान स्थापित करने दस्तावेज निर्धारित किये है। पीठासीन अधिकारी अथवा उसके द्वारा प्राधिकृत अधिकारी द्वारा मतदाता से उसकी पहचान स्थापित करने दस्तावेज तय किये गए है। इनमे से कोई एक दिखाकर मतदान किया जा सकेगा।
मतदाता भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता पहचान पत्र, भू अधिकार एवं ऋण पुस्तिका, पीला राशन कार्ड काम के बदले अनाज योजनान्तर्गत जारी तथा नीला राशन कार्ड गीरीबी रेखा के नीचे हितग्राहियों हेतु जारी राशन कार्ड, बैंक, किसान, डाकघर पासबुक, शस्त्र लायसेंस, संपत्ति दस्तावेज जैसे पट्टा, रजिस्ट्रीकृत विलेख आदि , विकलांगता प्रमाण पत्र को पहचान के लिए प्रस्तुत कर सकता है।
इसी प्रकार निराश्रित प्रमाण पत्र, तेंदूपत्ता संग्राहक पहचान पत्र, सहकारी समिति का अंश प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लायसेंस, आयकर पहचान पत्र पेन कार्ड, राज्य व केन्द्र सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम,स्थानीय निकाय या अन्य निजी औधोगिक घरानों द्वारा उनके कर्मचारियों को जारी किए जने वाले सेवा पहचान पत्र, छात्र पहचान पत्र, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी अनुसूचित जाति,अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछडा वर्ग अधिवासी प्रमाण पत्र, पेंशन दस्तावेज जैसे भूतपूर्व सैनिक पेंशन बुक, पेंशन अदायगी आदेश, भूतपूर्व सैनिक विधवा आश्रित प्रमाण पत्र, रेल्वे पहचान पत्र, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पहचान पत्र शामिल है।
इसके अलावा पहचान के लिए उल्लेखित आम लेखों के अतिरिक्त पीठासीन अधिकारी ऐसा कोई अन्य अभिलेख भी स्वीकार कर सकेगा जिससे वह मतदाता की पहचान के संबंध मे संतुष्ट हो सके। परिवार के मुखिया के पास उपलब्ध दस्तावेज, परिवार के दूसरे सदस्यों की पहचान और परिवार के दूसरे सदस्यों के नाम से कोई दस्तावेज होने पर अन्य सदस्यों की पहचान के लिए भी प्रयोग किया जा सकता है।
लेकिन यदि मतदाता कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत करने मे असफल रहता है, तो पीठासीन अधिकारी स्थानीय कोटवार, पटवारी, शिक्षक, ग्राम पटेल, आंगनबाडी कार्यकर्ता व सहायिका इत्यादि कर्मियों या किसी प्रतिष्ठित स्थानीय निवासी से उसकी पहचान स्थापित कराने के उपरांत उसे मतदान के लिए मतपत्र प्रदान कर सकेगा।

जनपद पंचायत ढीमरखेडा में कंट्रोल रूम स्थापित
(कटनी) – मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रि – स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2022 का कार्यक्रम घोषित किया गया है। पंचायत निर्वाचन 2022-23 हेतु जनपद पंचायत ढीमरखेडा के कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया। इस कंट्रोल रूम का नंबर 8889268312 है।
रिटर्निंग आफिसर पंचायत जनपद पंचायत ढीमरखेडा द्वारा तीन पालियों में प्रभारी अधिकारी नियुक्त करते हुए कंट्रोल रूम में प्रातः 6ः00 बजे से अपरान्ह 2ः00 बजे तक श्री अनिल कोल, अपरान्ह 2ः00 बजे से रात्रि 10ः00 बजे तक श्री एकलव्य मरावी तथा रात्रि 10ः00 बजे से प्रातः 6ः00 बजे तक दीपक रहंगडाले की डयूटी लगाकर प्रत्येक पाली में 3-3 सहयोगी कर्मचारी नियुक्त करते हुए अधिकारी कर्मचारी को मतदान केन्द्रों से प्रत्येक दो घंटे की जानकारी प्राप्त करनें हेतु निर्देशित किया है।
आदतन अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही का सिलसिला जारी
1884 अपराधियों के खिलाफ धारा 110 तथा 6876 प्रकरणों में धारा 107 व 116 के तहत हुई कार्यवाही
(कटनी) – त्रि स्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय निर्वाचन की आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद शांतिपूर्ण निर्विध्न और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के उद्वेश्य से जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा गुंडे, बदमाश और आदतन अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही का सिलसिला सतत् जारी है। जिले में गत दिवस तक 1884 आदतन अपराधियों पर दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 110 के तहत कार्यवाही की गई है। जबकि 6876 प्रकरण शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों के विरूद्ध धारा 107 व धारा 116 के तहत कार्यवाही की गई है।
जिले के अपराधों पर नियंत्रण और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा ने अपराधिक प्रवृत्ति एवं शंाति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही के आदेश पहले ही जारी कर दिया था। अपर जिला दण्डाधिकारी रोमानुस टोप्पो ने बताया कि धारा 107 व 116 के तहत अब तक कुल 6876 प्रकरणों मे से 4729 प्रकरणों में बंधपत्र निष्पादित किया गया है। वहीं 231 प्रकरणों मे बंधपत्र का उल्लंघन करने पर बंधपत्र जप्ती की कार्यवाही की गई है।
दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 110 के तहत कुल 1884 प्रकरण दर्ज किये गए जबकि 556 प्रकरणों मेें बंधपत्र निष्पादित किया गया और 386 प्रकरणों मे बंधपत्र उल्लंघन पर बंध पत्र जप्त किया गया। वहीं संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत कार्यवाई कर 656 दीवार लेखन 563 पोस्टर, 383 बैनर सहित 26 अन्य मामलों को मिलाकर कुल 1628 प्रकरणों में कार्यवाही की गई।
नगरीय निकाय निर्वाचन
6 एवं 13 जुलाई को मतदान के दिन अवकाश घोषित
(कटनी)- राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के दोनों चरणों की तिथियों के दिन सामान्य अवकाश घोषित किया है। पहले चरण का मतदान बुधवार 6 जुलाई को और दूसरे चरण का मतदान बुधवार 13 जुलाई को जिले में होगा। इन तारीखों के दिन संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के लिए निगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट्स एक्ट के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है।

त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन: ढीमरखेड़ा और विजयराघवगढ़ में मतदान आज
498 मतदान केन्द्रों में 2 लाख 73 हजार से अधिक मतदाता करेगें मताधिकार का प्रयोग
(कटनी)- त्रि स्तरीय पंचायत निर्वाचन में प्रथम चरण का मतदान जिले के जनपद पंचायत विजयराघवगढ एवं ढीमरखेडा में शनिवार 25 जून को प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक होगा।
प्रशासन द्वारा निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियॉ पूरी कर ली गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा ने शांतिपूर्ण व निष्पक्ष निर्वाचन हेतु सभी मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान की अपील की है।
शनिवार 25 जून को जिले के दो विकासखण्डों ढीमरखेड़ा और विजयराघवगढ को मिलाकर कुल 498 मतदान केन्द्रों मे दो लाख 73 हजार 310 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 608 पंच, 144 सरपंच, 43 जनपद पंचायत सदस्य सहित 5 जिला पंचायत सदस्यों का निर्वाचन करेंगे। दोनों विकासखण्डों में करीब दो हजार 300 मदान कर्मी के अलावा पुलिस एवं सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।
विकासखण्ड ढीमरखेडा में एक सरपंच, 609 पंच और एक जनपद पंचायत सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके है। इस प्र्रकार यहां होने वाले 25 जून के मतदान मे मतदाता 72 सरपंच, 321 पंच, 22 जनपद पंचायत सदस्य सहित तीन जिला पंचायत सदस्य चुनेंगे। ढीमरखेडा विकासखण्ड के कुल 245 मतदान केन्द्रों में एक लाख 35 हजार 555 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेगें। इसमें 69 हजार 314 पुरूष, 66 हजार 240 महिला और एक अन्य मतदाता शामिल है।
विकासखण्ड विजयराघवगढ मे दो सरपंच, 576 पंच एवं एक जनपद पंचायत सदस्य का निर्वाचन निर्विरोध हो चुका है। इसलिए यहां अब 72 सरपंच 287 पंच एवं 21 जनपद पंचायत सदस्य और दो जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान होगा। विजयराघवगढ मे कुल 253 मतदान केन्द्र बनाये गये है और यहां एक लाख 37 हजार 755 मतदाता है। इनमे 71 हजार 27 पुरूष, 66 हजार 726 महिला और दो अन्य मतदाता शामिल है।
दुकानों व प्रतिष्ठानों के कर्मियों को मिलेगी मतदान की सुविधा
कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा पंचायत क्षेत्र मे स्थापित उद्योग, कारखाने, व्यापारिक प्रतिष्ठान, दुकानों में कार्य करने वाले मतदाताओं को मतदान की सुविधा उपलब्ध करानें के निर्देश दिए गये है। संबंधित सदस्यों, कारखानों के संचालकों को मतदान दिवस पर साप्ताहिक अवकाश घोषित करने ओर दुकानों, वाणिज्यिक संस्थाओं को मतदान दिवस के दिन अवकाश दिए जाने के निर्देश पहले ही दे दिये गये थे।
मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शनिवार को मतदान होने वाले निर्वाचन क्षेत्रों मे निगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत एक दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। साथ ही शासकीय, अर्द्धशासकीय व शासकीय निगमों के कर्मचारियों के लिये सामान्य अवकाश रहेगा।
चिकित्सकों की ड्यूटी
मतदान कर्मियों को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्यगत समस्या से निजात दिलाने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। डॉक्टर्स सेक्टर्स अधिकारियों के साथ भ्रमण करेंगे ताकि जरुरत पड़ने पर तत्काल आपात सहायता मुहैया कराई जा सके।
मतपत्रों के रंग
त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के लिये पंच पद के लिये सफेद, सरपंच पद के लिये नीला, जनपद पंचायत सदस्य के लिये पीला और जिला पंचायत सदस्य के लिये गुलाबी रंग का मतपत्र होगा।
मतगणना एवं परिणाम
मतदान के तत्काल बाद मतगणना शुरु होगी। पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य पद की मतगणना का सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा गुरुवार 14 जुलाई को होगी। जिला पंचायत सदस्य पद के लिये मतों का विकासखण्ड स्तरीय सारणीकरण भी गुरुवार 14 जुलाई को होगा। जबकि जिला पंचायत सदस्य पद के लिये मतों का जिला मुख्यालय पर सारणीकरण तथा परिणाम की घोषणा शुक्रवार 15 जुलाई को की जायेगी।
नगरीय निकाय चुनाव में अभ्यर्थी को देना होगा पाई – पाई का हिसाब
निर्धारित राशि से अधिक खर्च करने पर होगी कार्यवाही
(कटनी) – राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय चुनाव मे 10 लाख से कम जनसंख्या वाले नगरपालिक, निगमों में महापौर पद के अभ्यर्थियों के निर्वाचन व्यय की अधिकतम सीमा 15 लाख रूपये तथा पार्षद पदों के निर्वाचन व्यय की अधिकतम सीमा 3 लाख 75 हजार रूपये निर्धारित की गई है। इसकी मॉनीटरिंग के लिए जिला स्तरीय कमेटी का गठन भी किया की जा रही है। प्रत्याशियों के सोशल मीडिया, पिं्रट इलेक्ट्रानिक सहित अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार के विज्ञापन पर नजर रखी जाएगी तथा राशि के अधिक खर्च करने पर प्रत्याशियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
प्रदेश में पंचायत चुनावों पर खर्च की कोई सीमा निर्धारित नही है। लेकिन यदि शहर में मेयर या पार्षद का चुनाव लड रह है तो पाई – पाई का हिसाब देना होगा। यहां तक कि मंच पर तकिये पर भी बैठे तो 10 रूपए देने पडेगें। नेता जी व समर्थकों का मुंह मीठा कराना भी महगां पडेगा। एक किलो बूंदी के लडडू खिलाने पर के 220 रूपये चुकाने होगें तो खोवा वर्फी मिठाई, रसगुल्ला पानी पाउच के भी खर्च मे जुडेगें।
जिला प्रशासन ने जारी की सूची
नगरीय निकाय चुनाव के लिए कटनी जिला प्रशासन ने राजनैतिक दलों के चुनाव प्रचार से लेकर खाने पीने तक की सामग्री की सूची रेट समेत जारी कर दी है। संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन द्वारा नगरीय निकायों के आम निर्वाचन 2022 के दौरान महापौर एवं पार्शद पद से निर्वाचन अभ्यर्थियों को अपना निर्वाचन व्यय लेखा संधारित किये जाने हेतु लाईट, माईक, टेन्ट, शामियाना, फर्नीचर, वाहन, होटलों के कमरों, वीडियोग्राफी, स्वलपाहार, भोजन, पोस्टर, पम्पलेट, फ्लैक्स, होर्डिंग, दीवार लेखन आदि की समस्त करों सहित दरों का निर्धारण किया गया है।
खाद्य सामग्री के यह है रेट
निर्धारित दर अनुसार खाद्य सामग्री एक प्लेट चावल, 6 पूडी, 2 सब्जी, एक दाल, सलाद, पापड, आचार की चटनी 60 रूपये प्रति थाली तथा पैकिंग सहित 70 रूपये, जनता खाना 5 पूडी सब्जी प्रति प्लेट 40 रूपये एवं पैकिंग सहित 50 रूपये, चाय 80 मिली चालू 7 रूपये, स्पेषल 10 रूपये, कॉफी 80 मिली 15 रूपये, समोसा, आलूबंडा, भाजी बडा प्रतिनग 80 ग्राम 7 रूपये बनाकर 20 रूपये प्रति प्लेट, नमकीन सादा 200 रू, नमकीन मिक्चर 220 रू, बूंदी लडडू 220 रू प्रति किलो, डोसा एवं ढोकला 30 रू प्रतिनग, इडली 30 रू प्रतिनग, दही बडा 20 रू प्रतिनग, भजिया मंगौडी 240 रू प्रतिकिलो, खोवा बर्फी 300 रू प्रतिकिलो, रसगुल्ला 15 रूपये प्रतिनग एवं दो नग 25 रू, पोहा जलेबी 20 रू प्रति प्लेट, पानी पाउच 1 लीटर 17 रू तथा आधा लीटर 09 रू, पानी पाउच 70 रू प्रति बोरी, रसील सब्जी 35 रू हाफ प्लेट, चावल फ्राई हाफ प्लेट 20रू दाल फ्राई 20 रू हाफ प्लेट प्रतिनग निर्घारित की गई है। इसी तरह अन्य सामग्रियों के दर निर्धारित किये गए है।
दो कुख्यात अपराधियों के विरूद्ध एन.एस.ए सहित 17 अपराधियों के विरूद्ध जिला बदर की कार्यवाही
अपराधियों के विरूद्ध जिला प्रशासन ने की कड़ी कार्यवाही
(कटनी) – त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन तथा स्थानीय निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए जिले में निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कानून और व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने हेतु कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी प्रियंक मिश्रा द्वारा जिले के दो कुख्यात अपराधियों को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकनियम के तहत कार्यवाही करते हुए केन्द्रीय जेल जबलपुर भेजा गया है। जारी आदेश के मुताबिक जिन दो अपराधियों के विरूद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है उनमें नीरज उर्फ केतु निवासी आधारकाप तथा पंकज जायसवाल निवासी आदर्श कॉलोनी, राममनोहर लोहिया वार्ड कटनी को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए केन्दªीय जेल जबलपुर भेजा गया है।
इसी प्रकार राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत 17 अपराधियों को जिला बदर किया गया है। इनमें थाना कोतवाली व थाना कुठला के तीन-तीन, थाना ढीमरखेडा, थाना एन.के.जे, थाना कैमोर व थाना विजयराघवगढ के दो -दो आदतन अपराधियों और थाना बरही, थाना स्लीमनाबाद एवं थाना जी.आर.पी, के एक -एक आदतन अपराधियों के विरूद्ध जिला बदर की कार्यवाही की गई है। थाना कोतवाली के सूरज चौधरी, रिंकू उर्फ राकेश उर्फ जग्गा, शरद बर्मन, थाना कुठला के सोनू उर्फ भक्का उर्फ शिवकुमार, लाला उर्फ बजरंगा, सोनू भुमिया, थाना विजयराघवगढ के राजू उर्फ रामकृष्ण सिंह राठौर, सुनील उर्फ करिया, थाना स्लीमनाबाद के बल्लन उर्फ उमेश दत्त तिवारी, थाना एन.के.जे के शुभम उर्फ मान्या तिवारी, शुभम सोनी, थाना कैमोर के अनिल उर्फ नीलू दुबे, अमित चंदपुरिया, थाना ढीमरखेडा के मो0 खलील उर्फ अकबर एवं सुरेश राय, थाना बरही के अनेज उर्फ अनुज पटेल, थाना जी.आर.पी से राजू उर्फ रंजीत पर राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिला बदर की कार्यवाही की गई है।

