हाथों में तिरंगा लेकर निकले महापौर, नगर निगम अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर नगर निगम, पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से निकाली वाहन रैली
कोतवाली परिसर से प्रारंभ होकर किया नगर का भ्रमण, लोगों से घर-घर तिरंगा फहराने का किया आग्रह
(कटनी)- वाहनों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देश भक्ति गीतों के बीच बुधवार को महापौर प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक सहित कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन और आयुक्त सतेन्द्र सिंह धाकरे, नगर निगम व पुलिस प्रशासन द्वारा हर घर तिरंगा अभियान को लेकर नगर में निकाली गई वाहन रैली में शामिल हुए। रैली में नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षद, अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस के जवान भी शामिल थे।

वाहन रैली का शुभारंभ कोतवाली परिसर से हुआ। वाहनों में तिरंगा लेकर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों के साथ नगर निगम के कर्मचारी, पुलिस जवान देशभक्ति के जयकारे लगाते हुए नगर में निकले। रैली कोतवाली थाना से मिशन चौक, जगन्नाथ चौक, बस स्टैंड, पन्ना मोड़ तिराहा से वापस होकर मिशन चौक ओवर ब्रिज होते हुए माधवनगर गेट, शांति नगर, पंचायत चौराहा, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, विश्राम बाबा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। जहां से वापस लौटकर रैली का समापन किया गया।
इस दौरान पार्षद मथुरा तिवारी, डॉ. रमेश सोनी, अवकाश जायसवाल, शंकुतला सोनी, बीना बनर्जी, एएसपी मनोज केडिया, सीएसपी वीपी सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस विभाग के अधिकारी व जवान शामिल रहे।

