कन्या महाविद्यालय में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन हुआ
विधायक श्री टंडन ने महाविद्यालय में शेड और फर्नीचर के लिए 11 लाख की राशि की घोषणा की
(विदिशा) राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या (अग्रणी) स्नातकोत्तर महाविद्यालय विदिशा में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें वर्ष भर उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे विदिशा विधायक श्री मुकेश टंडन ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आज लड़कियों के विकास के लिए अधिक अवसर उपलब्ध हुए हैं। वे हरेक क्षेत्र में समान रूप से अपनी सफलता का परचम लहरा सकती हैं। राज्य व केंद्र सरकार दोनों की ओर से ऐसे अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे महिलाएं सशक्त होकर सामने आएं। उन्होंने इस अवसर पर महाविद्यालय के उत्थान के लिए इस वित्तीय वर्ष में विधायक निधि से नौ लाख रुपये की राशि शेड के लिए तथा दो लाख रुपये की राशि छात्रावास के फर्नीचर हेतु इस प्रकार कुल ग्यारह लाख की राशि की घोषणा भी की। साँची बौद्ध भारतीय अध्ययन विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. अलकेश चतुर्वेदी ने मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बताते हुए, उसकी उपलब्धियों को उत्कृष्ट और महत्त्वपूर्ण माना। उन्होंने महाविद्यालय की उपलब्धियों की प्रशंसा भी की। विशिष्ट अतिथि एवं रेडक्राॅस के प्रांतीय सदस्य श्री मलखान सिंह ने सामाजिक कार्यों के लिए छात्राओं को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुमन सोनी ने कहा कि महाविद्यालय निरंतर आगे बढ़ रहा है। आज के दिन सफल छात्राओं के लिए पुरस्कृत होने का दिन है, तो अन्य छात्राओं के लिए दूने उत्साह और विश्वास के साथ प्रयास में लगने का है, ताकि अगली बार वे भी पुरस्कृत हो सकें। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. नीता पांडेय ने महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें महाविद्यालय की स्थिति और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति के सदस्य सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का संचालन प्रो. रवि रंजन ने किया तथा कार्यक्रम में डॉ. संध्या जैन, डॉ. मलखान सिंह, डॉ. एन.पी. अरोरा, डॉ. आरती मल्होसिया, डॉ. सीमा चक्रबर्ती, डॉ. विनिता प्रजापति, डॉ. ज्योति मिश्रा, प्रो. सविता सोनी एवं महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं स्टाफ़ मौजूद रहा।
