10 फरवरी को आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र भगवानपुरा में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा
भगवानपुरा में आयोजित इस शिविर में एक ही छत के नीचे सभी तरह की बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहेंगे। शिविर में एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी, ईको, हिमोग्लोबिन जांच, ग्लूकोमीटर एवं अन्य आवश्यक उपकरणों से मरीजों की जांच की जाएगी। इस शिविर में 10 हजार से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए शिविर स्थल पर व्यापक तैयारियां की गई है। शिविर में गर्भवती, धात्री माताओं एवं महिलाओं की जांच एवं उपचार के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। शिविर में बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों सभी की जांच की जाएगी। शिविर में किशोरी बालिकाओं, स्कूली बच्चों एवं छात्रावासों के बच्चों की जांच करायी जाएगी। शिविर में सिकलसेल एनीमिया की विशेष रूप से जांच की जाएगी। इस अवसर पर रक्त दान शिविर भी लगाया जाएगा।
भगवानपुरा में पहली बार इस तरह का विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। आमजन से अपील की गई है कि वह इस शिविर का अधिक से अधिक संख्या में आकर लाभ उठाएं। यह शिविर 10 फरवरी को प्रातः 08 बजे से प्रारंभ होकर शाम तक चलेगा। इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की जाकर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया जाएगा। शिविर में छोटी से लेकर बड़ी बीमारियों के वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहेंगे। जिन चिकित्सकों की सेवाएं लेने के लिए बड़ी रकम खर्च कर इंदौर जैसे शहर में जाना होता है, वे चिकित्सक स्वयं भगवानपुरा विशाल स्वास्थ्य शिविर में पहुंच रहे हैं। अतः इस अवसर का सभी लोग अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
बैठक में जिला पंचायत के प्रभारी सीईओ श्री पुरूषोत्तम पाटीदार, एसडीएम श्री भास्कर गाचले, सीएचएमओ डॉ. एमएस सिसोदिया, डिप्टी कलेक्टर सुश्री पूर्वा मण्डलोई, महिला एवं बाल विकास की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रत्ना शर्मा, जिला परिवहन अधिकारी सुश्री रीतु जायसवाल, खनिज अधिकारी श्री सावन चौहान एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
