वोटर आईडी कार्ड के अलावा 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेज में से कोई भी एक दिखाकर मतदाता कर सकेंगे मतदान
(कटनी) भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 के परिप्रेक्ष्य में आगामी 26 अप्रैल 2024 को मतदान के लिए मतदाता पहचान पत्र नहीं होने की दशा में ई-मतदाता परिचय पत्र आयोग की बेबसाईट https://voters.eci.gov.inèk~ से डाउनलोड किया जाकर मतदान किये जाने की सुविधा प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त 12 प्रकार के वैकल्पिक दस्तावेजों के माध्यम से भी मतदाता अपने मत का उपयोग कर सकते हैं। जिले में मतदाता की सुविधा और आदर्श मतदान के लिये विधानसभा वार पीडब्ल्यूडी मतदान केन्द्र, यूथ मतदान केन्द्र व पिंक मतदान केन्द्र बनाये गये हैं जिसमें सभी वर्गों को समाहित करने का प्रयास किया गया है।
आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत आगामी 26 अप्रैल को मतदान करने के संबंध में मतदाता की पहचान के लिये मतदाता परिचय पत्र के अलावा ई-मतदाता परिचय पत्र, आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक, पोस्ट ऑफिस की फोटो सहित पासबुक, श्रम मंत्रालय के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्रायविंग लायसेंस, पेन कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोग्राफ सहित पेंशन दस्तावेज, केंद्र शासन, राज्य शासन, पीएसयूस और पब्लिक लिमिटेड कंपनी द्वारा जारी फोटोग्राफ सहित सर्विस पहचान कार्ड और एमपी, एमएलए व एमएलसी द्वारा जारी सरकारी पहचान पत्र निर्धारित किये गये हैं।

मतदान के दिन रहेगा सार्वजनिक अवकाश
लोकसभा चुनाव के तहत खजुराहो संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में शुक्रवार 26 अप्रैल को होने वाले मतदान के मद्देनजर इस दिन संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की तीनों विधानसभा विजयराघवगढ़, मुड़वारा एवं बहोरीबंद निर्वाचन क्षेत्र में निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत सार्वजनिक अवकाश रहेगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
विदित हो कि कटनी जिले की विजयराघवगढ़, मुड़वारा एवं बहोरीबंद विधानसभा संसदीय क्षेत्र खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। यहां मतदान शुक्रवार 26 अप्रैल को होगा।
