मतदान प्रतिशत बढ़ाने सभी समन्वित रूप से प्रयास करें- जिला निर्वाचन अधिकारी रायसेन में “चलें बूथ की ओर” अभियान कार्यशाला सम्पन्न
(रायसेन) लोकसभा निर्वाचन-2024 के अंतर्गत तीसरे और चौथे चरण के 31 जिलों में स्थित प्रत्येक मतदान केन्द्र पर “चलें बूथ की ओर” अभियान चलाने के निर्देश दिये गये हैं। इसी क्रम में रायसेन स्थित प्रेसिडेन्सी कॉलेज में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अरविंद दुबे की अध्यक्षता में चलें बूथ की ओर कार्यशाला सम्पन्न हुई। जिसमें कलेक्टर श्री दुबे ने सेक्टर सुपरवाईजर, बीएलओ सहित बूथ लेवल अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों से कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने, रायसेन को मतदान में नम्बर वन बनाने के लिए सभी मिलकर समन्वित रूप से प्रयास करें। विदिशा लोकसभा क्षेत्र में शामिल जिले के विधानसभा क्षेत्र सांची, सिलवानी और भोजपुर में 07 मई को मतदान होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दुबे ने कहा कि मतदाता वोट करने के लिए मतदान केन्द्र तक आएं, इसके लिए उनसे सीधा सम्पर्क कर उन्हें 07 मई को मतदान करने के लिए अनुरोध करें, प्रेरित करें। मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए, मतदान हेतु प्रेरित करने केलिए हर संभव उपाए किए जाएं। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में मुनादी कराई जाए, स्वच्छता वाहनों से एनाउंसमेंट करवाई जाए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को बताएं कि मतदान के लिए मतदाता पर्ची के साथ-साथ वोटर आईडी कार्य, आधार कार्ड, ड्रायविंग लायसेंस या आयोग निर्धारित अन्य फोटोयुक्त पहचान पत्र में से कोई एक साथ लाना जरूरी है। जिला पंचायत सीईओ एवं स्वीप नोडल अधिकारी श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने भी कार्यशाला को संबोधित कर 07 मई को अधिकाधिक मतदान हेतु पूरी मेहनत और लगन से कार्य करने के लिए कहा। कार्यशाला में उपस्थित सेक्टर सुपरवाईजर, बीएलओ सहित बूथ लेवल अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों सहित युवाओं ने मोबाईल की टार्च जलाकर कर शत-प्रतिशत मतदान कराने हेतु हर संभव प्रयास करने का संकल्प लिया।
