राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अपर कलेक्टर ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
(कटनी) अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती साधना कमलकांत परस्ते और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने गुरूवार प्रातः कृषि उपज मंडी पहरूआ पहुंच कर सभी चारों विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम का अवलोकन किया। इस दौरान अपर कलेक्टर साधना परस्ते ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभा क्षेत्रवार बनाए गए स्ट्रांग रूम का अवलोकन कराकर वहाँ की व्यवस्थाओं से भी अवगत कराया। अपर कलेक्टर ने अभ्यर्थियों को स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी हेतु लगाए गए सीसीटीव्ही कैमरों के लाइव टेलीकास्ट कन्ट्रोल रूम का भी निरीक्षण कराया तथा उन्हें आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की सुविधा के लिये मंडी परिसर में बड़ा पंडाल लगाया गया है। जिसमें एल ई डी स्क्रीन लगाई गई है इसमें स्ट्रांग रूम के दृश्य सहज दृष्टव्य है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था हेतु सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। चौबीस घंटे निगरानी के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट्स की डियुटी लगाई गई है। इसके अलावा स्वयं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवि प्रसाद भी नियमित प्रतिदिन सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने कृषि उपज मंडी परिसर पहुंचते हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों कर्मचारियों सहित राजनैतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि भी मौजूद थे।