कलेक्टर ने किया अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी –
( छतरपुर )
छतरपुर के सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न तरह की पेंशन जरुरतमंद पात्र हितग्राहियों को नियमित रुप से वितरित की जा रही हैं। इसी क्रम में निःशक्त पेंशन योजनांतर्गत पात्र हितग्राहियों के पेंशन प्रकरण में पारदर्शिता बनी रहे तथा कोई भी हितग्राही पेंशन से वंचित न रहे। इस हेतु आयुक्त सामाजिक न्याय विभाग द्वारा समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत को पूर्व में निर्देशित किया गया था कि निःशक्तजन पेंशन हितग्राहियों की दिव्यांगता सत्यापन हेतु उनके निःशक्तता प्रमाण पत्रों को स्पर्श पोर्टल पर शत-प्रतिशत अपलोड कराया जाए। परन्तु अवलोकन उपरान्त पाया गया कि उक्त निर्देशों का पालन संतोषजनक रुप से नहीं किया जा रहा है। अतः सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक आर.पी. खरे द्वारा 05 मई, 23 मई एवं 04 जून 2020 में क्रमशः तीन पत्र जारी कर संबंधित अधिकारियों को उक्त कार्य को अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक श्री खरे द्वारा बताया गया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह द्वारा समस्त सीईओ जनपद पंचायत एवं सीएमओ नगरीय निकाय को निर्देशों के पालन में उदाशीनता बरतने हेतु कारण बताओ नोटिस जारी कर 07 दिवस में सकारात्मक उत्तर समक्ष प्रस्तुत होकर देने की अपेक्षा की गई है।
