प्रधानमंत्री ने किया गरीब कल्याण रोजगार अभियान का शुभारंभ
कटनी सहित प्रदेश के 24 जिले अभियान में शामिल
कटनी – प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ग्रामीण विकास और प्रवासी मजदूरों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने महत्वाकांक्षी योजना गरीब कल्याण रोजगार अभियान का शुभारंभ बिहार राज्य के खगडि़या जिले के विकासखण्ड बेल्दौर ग्राम पचंायत तेलिहार से किया। प्रधानमंत्री जी द्वारा अभियान के शुभारंभ किये जाने के अवसर का सीधा प्रसारण कटनी जिले के जिला मुख्यालय, जनपद मुख्यालय, ग्राम पंचायत मुख्यालय पर वेबकास्टिंग के माध्यम से देखा गया। कटनी कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग कक्ष में कलेक्टर शशिभूषण सिंह, जिला पंचायत की प्रशासकीय समिति की प्रधान श्रीमती ममता पटैल, सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, एसीईओ गौरव पुष्प सहित आजीविका मिशन के स्वसहायता समूहों के महिला सदस्य भी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के संकटकाल में लॉकडाउन में अपने गांव लौटे प्रवासी मजदूरों, गांवों के गरीबों के कल्याण और रोजगार के लिये 6 राज्यों के 116 जिलों में बड़ा अभियान आज से प्रारंभ किया जा रहा है। यह अभियान पूरी तरह से श्रमिकों के लिये समर्पित है। उन्होने कहा कि लॉकडाउन में वापस लौटे श्रमिकों के हुनर का गांव में उपयोग करने से ग्रामीण क्षेत्रों का कायाकल्प होगा। उन्होने बताया कि अभियान के तहत 25 तरह के ग्राम विकास के कार्यों से स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगें। वहीं आंगनबाड़ी, पंचायत भवन, सामुदायिक भवन, मण्डी और गांव के आवश्यक जरुरतों के संसाधनों के रुप में स्थाई परिसम्पत्तियों का निर्माण हो सकेगा।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि देश के 6 राज्यों में जिन जिलों में बड़ी संख्या में मजदूर वापस आये हैं। उन 116 जिलों को चिन्हित कर अभियान चलाया जा रहा है। गरीब कल्याण रोजगार अभियान देश के 116 जिलों में 125 दिन तक लगातार चलेगा। केन्द्र सरकार इस अभियान पर 50 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में एक देश एक राशन कार्ड की व्यवस्था भी शुरु की गई है। जिसके माध्यम से कोई भी राशनकार्ड धारी पूरे देश में कहीं से भी उसके लाभ प्राप्त कर सकेगा। उन्होने कहा कि आत्म निर्भर भारत को बनाने में आत्म निर्भर किसान महत्वपूर्ण होना जरुरी है। इसलिये केन्द्र और राज्य सरकारें किसानों को आत्म निर्भर बनाने की दिशा में सक्षम प्रयास कर रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेद्र मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर बिहार प्रान्त की तेलिहार ग्राम पंचायत से गरीब कल्याण रोजगार अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कटनी जिले में जिला मुख्यालय, जनपद मुख्यालय, ग्राम पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार मूलक कार्यों में संलग्न प्रवासी मजदूरों को भी कार्यस्थल पर वेबकास्टिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री जी का संबोधन दिखाया गया।
कटनी जिले के प्रवासी मजदूरों को बड़ी सौगात – ममता पटेल
कटनी जिला मुख्यालय के एनआईसी कक्ष में गरीब कल्याण रोजगार अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को देखने आई जिला पंचायत कटनी की प्रशासकीय समिति की प्रधान श्रीमती ममता पटैल का कहना है कि कोरोना वायरस से बचाव के लिये लॉकडाउन अवधि में गांवों में लौटे प्रवासी मजदूरों के लिये गरीब कल्याण रोजगार अभियान बड़ी सौगात होगी। कटनी जिले में अन्य राज्यों से लगभग 32 हजार की बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर अपने गांवों में पहुंचे हैं। उनके हुनर के अनुसार इस अभियान से रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलेंगे। साथ ही गांवों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं और स्थाई परिसम्पत्तियों का निर्माण भी हो सकेगा। श्रीमती पटेल ने गरीब कल्याण रोजगार अभियान में प्रदेश के 24 जिलों के साथ कटनी जिले को भी शामिल करने के लिये प्रधानमंत्री और केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री का आभार व्यक्त किया।


