मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से छिन्दवाड़ा जिले में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा –
( छिन्दवाड़ा )
|
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण की गति निरंतर धीमी होती जा रही है। मध्यप्रदेश की कोरोना ग्रोथ रेट घटकर 1.43 प्रतिशत हो गई है, जबकि गुजरात की ग्रोथ रेट 2.10, राजस्थान की 2.31, महाराष्ट्र की 2.96, पश्चिम बंगाल की 3.23, उत्तरप्रदेश की 3.82 तथा तमिलनाडु की 4.21 प्रतिशत है। भारत की कोरोना ग्रोथ रेट 3.63 प्रतिशत है। अब हमें कोरोना की प्रदेश में पूरी तरह समाप्ति की ओर बढ़ना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सख्त निर्देश दिए कि यदि किसी भी अस्पताल में कोविड मरीज के इलाज में थोड़ी भी लापरवाही हुई तो दोषी को नहीं छोड़ा जाएगा, कड़ी कार्रवाई होगी। हमें एक-एक कोरोना मरीज की जान बचाना है। छिंदवाड़ा जिले की समीक्षा में कोरोना के 11 नए पॉजीटिव प्रकरण पाये जाने पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि संक्रमित व्यक्तियों के सभी फर्स्ट कॉन्टेक्ट की ट्रेसिंग करवाकर उनकी जाँच की जाए। एक-एक कोरोना मरीज की जल्दी पहचान कर उनका इलाज करें। पॉजिटिव पाये गये व्यक्तियों का इलाज समुचित ढंग से पूरी सतर्कता के साथ किया जाये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोरोना टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिये। |
