कलेक्टर की अध्यक्षता में बैंकर्स सलाहकार समिति की बैठक संपन्न
( रीवा )
महिला स्वसहायता समूहों को ऋण तथा शिक्षा ऋण तत्परता से मंजूर करें – कलेक्टर
|
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि बैंकर्स उच्च शिक्षा ऋण प्राथमिकता से स्वीकृत तथा वितरित करें। शिक्षा के विकास तथा युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने के लिए उनकी जरूरत के अनुसार शिक्षा ऋण उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसके लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वे शिक्षा ऋण के प्रकरणों की नियमित रूप से समीक्षा करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी बैंकर्स उनके बैंक में जमा राशि के अनुपात से ऋण राशि वितरित करें। वार्षिक साख योजना के अनुसार निर्धारित प्राथमिकता के क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दे। कृषि तथा कृषि पर आधारित उद्योग के ऋण प्रकरण प्राथमिकता से स्वीकृत करें। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना का व्यापक प्रचार प्रसार कराये। जिससे हर पात्र व्यक्ति इसका लाभ उठा सके। सुरक्षा बीमा योजना में दुर्घटना से मौत होने पर 2 लाख रूपये तथा जीवन ज्योति योजना में सामान्य मौत पर 2 लाख रूपये राशि दी जाती है। इस राशि का एटीएम कार्ड से 48 दिवस में आहरण किया जाय यदि दुर्घटना में मृत्यु होती है तो जीवन ज्योति योजना में भी 2 लाख रूपये की राशि दी जायेगी। कलेक्टर ने कहा कि सभी किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड तथा पशुपालन करने वाले किसानों को क्रेडिट कार्ड जारी करें। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान योजना, आत्मनिर्भर भारत योजना तथा जनधन योजना के संबंध में निर्देश दिये। बैठक में शहरी विकास अभिकरण, उद्योग विभाग, ग्रामोद्योग, पिछड़ावर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, पशुपालन विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, मछली पालन विभाग सहित विभिन्न विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं के ऋण प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की गयी। बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, युवा उद्यमी योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, जनधन योजना तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा की गयी। बैठक में आग्रणी बैंक प्रबंधक रश्मेन्द्र सक्सेना ने वर्ष 2019-20 की अंतिम तिमाही में बैंकिंग गतिविधियों तथा स्वरोजगार प्रकरणों के निराकरण की जानकारी दी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े, रिजर्व बैंक, यूनियन बैंक तथा स्टेट बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के प्रतिनिधि नाबार्ड के प्रतिनिधि विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। |
