कलेक्टर ने चीनौर का किया आकस्मिक निरीक्षण
( ग्वालियर )
महाविद्यालय का निर्माण कार्य बंद पाए जाने पर कार्यपालन यंत्री को नोटिस जारी
|
कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने सोमवार को चीनोर क्षेत्र का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने आदर्श आंगनबाड़ी केन्द्र, तहसील कार्यालय के साथ ही निर्माणाधीन महाविद्यालय का भी अवलोकन किया। इस मौके पर एसडीएम डबरा श्री राघवेन्द्र पाण्डेय, तहसीलदार श्री शिवदयाल धाकड़ साथ में थे। कलेक्टर श्री सिंह ने चीनौर में निर्मित किए गए आदर्श आंगनबाड़ी केन्द्र का अवलोकन किया। अवलोकन के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र का पहुँच मार्ग ठीक न पाए जाने पर संबंधित निर्माण एजेन्सी को तत्काल पहुँच मार्ग बनाने तथा आदर्श आंगनबाड़ी केन्द्र का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान नव निर्मित तहसील कार्यालय के निर्माण की गुणवत्ता ठीक न पाए जाने पर संबंधित निर्माण एजेन्सी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने तहसील कार्यालय में चलाए जा रहे नामांतरण, बटवारा प्रकरणों के निराकरण अभियान की प्रगति पर भी असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देशित किया है कि प्रत्येक गाँव में बी-1 का वाचन कराया जाए। वाचन के दौरान जो भी नामांतरण एवं बटवारे के प्रकरण सामने आते हैं उन्हें दर्ज कर निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने तहसीलदार को निर्देशित किया कि तहसील कार्यालय में साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए। |
