मुख्यमंत्री श्री चौहान 03 जुलाई को शहरी पथ विक्रेताओं से करेंगे चर्चा –
( रायसेन )
प्रदेश के शहरी पथ विक्रेताओं से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 03 जुलाई 2020 को फेसबुक लाईव तथा एनआईसी वेबकास्ट तथा वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से चर्चा करेंगे। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त श्री पी नरहरि द्वारा इस संबंध में सभी सभी परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभियकरण तथा नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
नोवेल कोरोना वायरस कोविड-19 महामारी के कारण प्रदेश में शहरी पथ विक्रेताओं का व्यवसाय प्रभावित हुआ है। प्रदेश में मुख्यमंत्री शहरी असंगठित कामगार एकीकृत पोर्टल के अंतर्गत सभी नगरीय निकायों द्वारा शहरी पथ विक्रेताओं का पंजीयन, पहचान पत्र एवं विक्रय प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। पथ विक्रेताओं की जीविका को विनियमित करने के लिए प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेडर आत्मनिर्भर निधि योजना आरंभ की जा रही है। जिसके अंतर्गत दस हजार का कार्यशील पूंजी ऋण प्रदान किया जाकर व्यवसाय को गति दिया जाना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान 03 जुलाई को दोपहर 12 बजे फेसबुक लाईव तथा एनआईसी वेबकास्ट, वीसी के माध्यम से शहरी पथ विक्रेताओं तथा जनप्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे।
नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त द्वारा अधिकारियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर जिला राज्य सूचना केन्द्र में हितग्राहियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे हितग्राही जिन्हें ऋण वितरण की कार्यवाही की जानी है, ऐसे सार्वजनिक स्थलों में सामाजिक दूरी बनाए रखते हुए कार्यवाही के प्रसारण के लिए उपयुक्त व्यवस्था करने, बैंकों से सम्पर्क कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
