अमरकंटक के सौंदर्यीकरण एवं सुचारू व्यवस्था के लिए बनेगा पाइलट प्रोजेक्टसंभागायुक्त आर॰बी॰प्रजापति की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

नर्मदा मंदिर ट्रस्ट की बैठक में अमरकंटक विकास में आमजनो की भागीदारी बढ़ाने पर दिया गया बल

संभागायुक्त आर॰बी॰प्रजापति की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

अनूपपुर 10 अक्टूबर, बृहस्पतिवार

अमरकंटक क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं सुचारू व्यवस्था हेतु आमजनो की भागीदारी अहम है। बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस अमरकंटक में आयुक्त शहडोल संभाग आर॰बी॰ प्रजापति की अध्यक्षता में आयोजित नर्मदा मंदिर (नर्मदा उद्गम) ट्रस्ट की बैठक में आमजनो के सहयोग को क्षेत्र के विकास के प्रयास में भागीदार बनाने पर बल दिया गया। आयुक्त ने कहा नर्मदा मंदिर माई की बगिया के अधोसंरचना विकास एवं पर्यटन की सुविधाओं में वृद्धि हेतु पाइलट प्रोजेक्ट तैयार करें। बैठक में विधायक पुष्पराजगढ़ फ़ुँदेलाल सिंह मार्को, कलेक्टर अनूपपुर एवं सचिव नर्मदा मंदिर ट्रस्ट चंद्रमोहन ठाकुर, नपाध्यक्ष अमरकंटक प्रभा पनाड़िया,पुलिस अधीक्षक किरणलता केरकेट्टा, डीएफ़ओ एम॰एस॰भगड़िया, एसडीएम पुष्पराजगढ़ ऋषि सिंघई, सीएमओ अमरकंटक एवं कोषाध्यक्ष नर्मदा मंदिर ट्रस्ट पंकज साहू, अधिकृत पुजारी नर्मदा मंदिर ट्रस्ट राजेश कुमार द्विवेदी समेत ट्रस्ट के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

बैठक में माई की बगिया में सुचारू व्यवस्था हेतु पुजारी एवं चौकीदार की अलग व्यवस्था का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही माई की बगिया में बाउंड्रीवाल, गुलबकावली पार्क एवं शेड के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गयी। नर्मदा मंदिर के चारों तरफ़ पूर्व में निर्मित कमरों की भाँति नए कमरों एवं हाल के निर्माण, बाउंडरीवाल के समीप क्यारी में पौधारोपण, पानी एवं धूप से बचाव हेतु शेड का निर्माण, गायत्री एवं सावित्री सरोवर में स्टाप डैम का निर्माण, पेय जल की व्यवस्था एवं भूमिगत जल में सुधार हेतु वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थापना को पाइलट प्रोजेक्ट में शामिल करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान ट्रस्ट द्वारा निर्मित 5 दुकानो की नीलामी एवं नर्मदा मंदिर के पीछे बने कॉटेज को 200 रुपए की दर से दिए जाने का बैठक में अनुमोदन किया गया।

नर्मदा जयंती के अवसर पर महोत्सव के आयोजन की ज़िम्मेदारी ट्रस्ट को सौंपने के साथ यह भी निर्णय लिया गया कि नर्मदा मंदिर परिसर में कार्यरत समस्त कर्मचारी ट्रस्ट द्वारा लगाए जाएँ। साथ ही गायत्री सावित्री नदी के पास बने शेड को कीर्तन हाल के रूप में विकसित किए जाने पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा सहमति प्रदान की गयी।

अमरकंटक क्षेत्र को पर्यटन के क्षेत्र में विश्वस्तर में विकसित करने हेतु अमरकंटक के सभी ऐतिहासिक धार्मिक धरोहरों की जानकारी सम्बंधित किवंदितियों को लिपिबद्ध कर सम्बंधित स्थलों में प्रदर्शित करने एवं उक्त समस्त दर्शनीय स्थलों की जानकारी के साथ रहने ठहरने के स्थलों की जानकारी को वेबसाइट में उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को पाइलट प्रोजेक्ट में शामिल करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अमरकंटक विकास प्राधिकरण को टुरिस्ट गाइडों के पंजीयन करने एवं प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु कार्ययोजना बनाने की ज़िम्मेदारी सौंपीं गयी। उल्लेखनीय है कि भक्तों द्वारा अगरबत्ती एवं नारियल के कारण परिसर में साफ़ सफ़ाई रखना कठिन होता है उक्त पर बैठक में परिसर के बाहर नारियल तोड़ने एवं अगरबत्ती जलाने की सुविधा करने के निर्देश दिए गए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें