ऑनलाइन बैठक में डाइट प्राचार्य ने छात्रों की पढ़ाई जारी रखने दिए दिशा-निर्देश
( गुना )
अब पढ़ाई नहीं रुकेगी घर में बजेगी घंटी, घर-घर होगा विद्यालय का संचालन
राज्य शिक्षा केंद्र के दिशा-निर्देशों के पालन में डाइट प्राचार्य श्री श्याम कुमार वशिष्ठ प्राचार्य द्वारा जिले के विकासखंड के अधिकारियों, जनशिक्षकों, जनशिक्षा केंद्र प्रभारियों एवं सभी शिक्षकों की ऑनलाइन मीटिंग आयोजित कर निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शिक्षक कम से कम अपनी पदस्थ संस्था के 5 छात्रों से संपर्क करेंगे। उनको गृह कार्य देंगे उसे जांचेंगे तथा छात्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
प्राचार्य श्री वशिष्ठ ने बताया कि राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा स्पष्ट कर दिया गया है कि शिक्षकों का अवकाश नहीं है। शिक्षक अपने पदस्थ स्थान पर छात्रों के संपर्क में रहेंगे। उनको वर्क बुक पर कार्य कराएंगे। बच्चों की सूची बनाएंगे। जिन छात्रों के पास मोबाइल हैं, उनकी सूची अलग बना करके उनको ऑनलाइन मोबाइल पर कार्य दिया जाएगा। जिनके पास मोबाइल नहीं है उन छात्रों के घर पर शिक्षक स्वयं उपस्थित होकर उन्हें गाइड करेंगे तथा क्या कार्य किस छात्र को दिया गया है, कि एक डायरी मेंटेन करेंगे और उस अभिलेख को मांगे जाने पर अधिकारियों को दिखाएंगे। शिक्षक दक्षता उन्नयन का कार्य भी दिसंबर 19 की स्थिति में अपडेट करेंगे, उनके ग्रुप बनाएंगे तथा जो छात्र अंकुर समूह में है उन पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा।
शिक्षकों को निर्देश देते हुए प्राचार्य ने बताया कि अब सभी छात्र अपना घर अपना विद्यालय के अनुसार बच्चे पढ़ें, खेलें तथा पालक शाम को अपने अपने घर अपने बच्चों को कहानी सुनाएं। पालक प्रतिदिन प्रात: 10:00 बजे घंटी बजाएं। दोपहर 1:00 बजे उन्हें छोड़ें। शिक्षक विद्यालय में बच्चों को इकट्ठा न करें, सभी बच्चों तक किताबें पहुंच जाएं। सभी छात्रों को किताबें मिली है अथवा नहीं इस बात को मॉनिटरिंग किया जाएगा। शिक्षक अपने विवेक से वह सब कुछ करें जिससे बच्चे की पढ़ाई जारी रहे।
जिले के शिक्षकों ने अपनी समस्या रखी और प्रश्न किए, जिनका उपस्थित डीआरजी, एसआरजी तथा डाइट व्याख्याताओं के प्रश्नों का समाधान किया गया। अब पढ़ाई जारी रहेगी और बच्चों को उचित मार्गदर्शन भी मिलेगा। आयोजित बैठक में अधिकांश शिक्षक जिले से ऑनलाइन जुड़े़। उन्होंने निर्देशों को ध्यान से सुना तथा अपने फील्ड पर छात्रों के संपर्क में बने रहने का आश्वासन भी दिया।
कनिष्ठ व्याख्याता श्री नवल मिश्रा, शरीफ मोहम्मद सहित अन्य डीआर द्वारा भी शिक्षकों से बात की तथा राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जारी दिशा निर्देशों की पी.डी.एफ .भी सभी शिक्षकों तक बीआरसी सीएससी के माध्यम से भेज दी गई है। राज्य शिक्षा केंद्र की गाइड लाइन के अनुसार अब जिले के सभी शिक्षक कार्य करेंगे और बच्चों की पढ़ाई जारी रहेगी।
