जिलास्तरीय वनाधिकार समिति ने 1226 अमान्य दावों का किया निराकरण
अब तक 168 दावे मान्य हुये
कटनी – अनुसूचित जाति एवं अन्य परम्परागत वन अधिकारियों की मान्यता अधिनियम 2006 एवं नियम 2008 के तहत वन मित्र पोर्टल में अमान्य दावों के परीक्षण उपरांत व्यक्तिगत दावों के अंतिम विनिश्चय के लिये कलेक्टर शशिभूषण सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न जिलास्तरीय समिति की बैठक में उपखण्डस्तरीय समितियों द्वारा प्रस्तुत कुल 1226 दावों पर निर्णय लिये गये। इस मौके पर नवागत वन मण्डलाधिकारी रमेश चन्द्र विश्वकर्मा, जिला संयोजक आदिम जाति सरिता नायक, समिति के सदस्य अजय गौंटिया भी उपस्थित रहे।
जिलास्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक में उपखण्डस्तरीय समितियों द्वारा प्रस्तुत 20 मान्य तथा 1206 अमान्य दावे सहित 1226 दावों का परीक्षण किया गया। चर्चा उपरांत प्रस्तुत 20 दावों को अनुमोदित कर पोर्टल में तत्काल फीड करने के निर्देश दिये गये। कुल 203 दावों को पुनः एक बार परीक्षण के लिये उपखण्ड स्तरीय समितियों को वापस करने का निर्णय लिया गया तथा 1003 अमान्य दावे पात्र नहीं होने पर अमान्य कर दिये गये। वन मण्डलाधिकारी रमेश चन्द्र विश्वकर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री जी द्वारा गतदिनों ली गई वीडियो कॉन्फ्रेन्स समीक्षा बैठक में डीम्ड फॉरेस्ट एरिया, ऑरेन्ज क्षेत्र सहित छोटे-बड़े झाड़ के जंगलों वाली भूमि पर भी पात्रताधारी हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र स्वीकृत करने के निर्देश दिये गये हैं। जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण सरिता नायक ने बताया कि वनमित्र पोर्टल में अमान्य दावों के परीक्षण उपरान्त अब तक 168 व्यक्तिगत दावे मान्य अनुमोदित किये जा चुके हैं।

