जिले में अब तक 11 लाख 49 हजार 970 व्यक्तियों का हुआ सर्वे

संचालक स्वास्थ्य ने की किल कोरोना अभियान की समीक्षा

कटनी  कटनी जिले के प्रवास पर आये संचालक स्वास्थ्य सेवायें भोपाल डॉ0 के0डी0 त्रिपाठी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक लेकर किल कोरोना अभियान की समीक्षा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर साकेत मालवीय, सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 एस0के0 निगम, जिला परियोजना प्रबंधक एनआरएचएम घनश्याम मिश्रा सहित खण्ड चिकित्सा अधिकारी भी उपस्थित थे।

            संचालक स्वास्थ्य श्री त्रिपाठी ने कटनी जिले में एक जुलाई से प्रारंभ किल कोरोना अभियान के तहत अब तक की गई कार्यवाहियों की जानकारी ली। उन्होने कहा कि अभियान तभी सार्थक होगा, जब सर्वे से कोई घर या कोई व्यक्ति वंचित नहीं रहने पाये। उन्होने कहा कि कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशन में जिले में प्रशासनिक, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा किये गये प्रयासों एवं प्रतिबंधात्मक उपायों के फलस्वरुप जिले में कोरोना संक्रमण पूरी तरह से नियंत्रण में रहा है। अनलॉक डाउन स्थित में भी सतर्क और सजग रहकर बेहतर कार्य करने की जरुरत है। ताकि स्थितियां नियंत्रण में बनी रहें।

            संचालक स्वास्थ्य डॉ0 त्रिपाठी ने कहा कि किल कोरोना अभियान का उद्देश्य है कि कोरोना संक्रमण की शीघ्र पहचान कर उसकी निदानात्मक कार्यवाही की जाये। संभाग के अन्य जिले की तुलना में अभियान के दौरान सैम्पलिंग की संख्या बढ़ाये जाने की आवश्यकता है। सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे ने किल कोरोना अभियान की जानकारी देते हुये बताया कि 1 जुलाई से प्रारंभ किल कोरोना अभियान के तहत अब तक 2 लाख 35 हजार 641 घरों में सर्वे टीम द्वारा दस्तक दी जाकर 11 लाख 49 हजार 970 व्यक्तियों का सर्वे 13 जुलाई तक किया जा चुका है। निर्धारित लक्ष्य 15 लाख 37 हजार 530 व्यक्तियों का सर्वे 15 जुलाई तक पूर्ण कर लिया जायेगा। सर्वे कार्य के लिये 225 सर्वे टीम बनाई गई हैं। किल कोरोना अभियान के दौरान 1 जुलाई से अब तक 872 संदिग्धों के सैम्पल लिये गये हैं।

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 एस0के0 निगम ने बताया कि जिले में अब तक 13 कन्टेनमेन्ट जोन बनाये गये हैं। जिनमें 4 एक्टिव और 9 मुक्त जोन शामिल हैं। जिले में अब तक 36 पॉजीटिव केस रिपोर्ट प्राप्त हुये हैं, जिनमें 22 व्यक्ति स्वस्थ्य होकर घर जा चुके हैं। 11 व्यक्ति उपचार हेतु भर्ती हुये हैं तथा 3 पॉजीटिव प्रकरणों में मृत्यु हुई है। फीवर क्लीनिक के माध्यम से 823 व्यक्तियों में से 235 सैम्पल लिये गये, जिनमें 8 पॉजीटिव और 221 की रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई है। जबकि 6 व्यक्तियों की रिपोर्ट आना शेष है। जिले में 10 संस्थाओं में 518 बैड क्षमता के कोविड केयर सेन्टर तैयार किये गये हैं।

अब तक 1579 सैम्पल भेजे गये

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 एस0के0 निगम ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिये लागू लॉकडाउन अवधि से अब तक कुल 1579 संदिग्ध व्यक्तियों के सैम्पल जांच के लिये भेजे गये हैं। जिनमें 1213 आईसीएमआर जबलपुर और 343 ट्रूनाट मशीन द्वारा जांचे गये हैं। कुल 1311 सैम्पल रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं, जिसमें 1028 आईसीएमआर और 23 ट्रूनाट मशीन की हैं। कुल 36 पॉजीटिव औश्र 1240 रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई हैं। कुल 36 पॉजीटिव प्रकरणों में 22 स्वस्थ्य होकर घर जा चुके हैं। तीन व्यकितयों की जबलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मृत्यु हुई है। जबकि 11 व्यक्ति विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत हैं। इनमें 9 कटनी जिला चिकित्सालय, एक चिरायु अस्पताल भोपाल और एक व्यक्ति जबलपुर मेडिकल कॉलेज में उपचाररत है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें