Air India Boeing 787: एयर इंडिया के ड्रीमलाइनर में उड़ान के तुरंत बाद तकनीकी खराबी, हांगकांग से वापस लौटा विमान
“फिर तकनीकी खराबी! टेकऑफ के तुरंत बाद लौट आया एयर इंडिया ड्रीमलाइनर
(नई दिल्ली) एयर इंडिया की उड़ानों को लेकर एक और गंभीर मामला सामने आया है। अहमदाबाद में हाल ही में हुए दर्दनाक विमान हादसे के कुछ ही दिनों बाद एयर इंडिया का एक और ड्रीमलाइनर विमान (Boeing 787 Dreamliner) उड़ान भरते ही तकनीकी दिक्कत के कारण वापस हांगकांग लौटना पड़ा।
यह घटना रविवार रात की बताई जा रही है, जब एयर इंडिया की फ्लाइट ने हांगकांग इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी, लेकिन टेक-ऑफ के कुछ मिनटों बाद ही तकनीकी समस्या का संकेत मिला। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया और विमान को सुरक्षित रूप से वापस लैंड करवा लिया गया।
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि
एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया,
“तकनीकी समस्या के संकेत मिलते ही हमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई की। विमान को वापस लाना यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक ज़रूरी कदम था। सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था से उनके गंतव्य तक पहुँचाया जा रहा है।”
हालिया घटनाएं चिंता का विषय
इस घटना ने हाल ही में अहमदाबाद मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में हुए विमान हादसे की यादें ताजा कर दी हैं, जिसमें 240 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रही तकनीकी खराबियों ने भारत में विमानन सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच के आदेश
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए DGCA को जांच के निर्देश दिए हैं। एयरलाइन को अपने सभी ड्रीमलाइनर विमानों की तकनीकी जांच कराने का भी निर्देश दिया गया है।


