कैमोर सीमेंट एवं खदान मजदूर संघ के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न
अनुराग द्विवेदी अध्यक्ष एवं आलोक दुबे महामंत्री निर्विरोध चुने गए
(कैमोर) कैमोर सीमेंट एवं खदान मजदूर संघ (संबद्ध – भारतीय मजदूर संघ) के बहुप्रतीक्षित चुनाव 24 और 25 जुलाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए भारतीय मजदूर संघ भोपाल के कार्यकारी अध्यक्ष माननीय अरविंद मिश्रा का विशेष रूप से कैमोर आगमन हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और संघ गीत के साथ हुआ। मंच पर मुख्य अतिथि अरविंद मिश्रा, चुनाव अधिकारी के.पी. तिवारी, वरिष्ठ पदाधिकारी निरंजन तिवारी, सुरेश द्विवेदी, समाजसेवी गुरदीप सिंह बेदी, युवा समाजसेवक राजेश पटेल, अनुराग द्विवेदी, आलोक दुबे समेत अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

संघ के अध्यक्ष अनुराग द्विवेदी ने अब तक की कार्यवाही व उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात उन्होंने वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की और चुनाव अधिकारी के.पी. तिवारी को चुनावी प्रक्रिया का प्रभार सौंपा।

कार्यकर्ता रमेश मिश्रा द्वारा एक पैनल प्रस्तुत किया गया, जिसे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं जयंत कावले व अरविंद सिंह का समर्थन प्राप्त हुआ। अन्य कोई पैनल न होने के कारण चुनाव अधिकारी द्वारा इस पैनल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
नवगठित कार्यकारिणी में अनुराग द्विवेदी को पुनः अध्यक्ष तथा आलोक दुबे को महामंत्री पद पर नियुक्त किया गया। चुनाव अधिकारी केपी तिवारी द्वारा सभी पदाधिकारियों की घोषणा की गई। तत्पश्चात, मंच पर उपस्थित सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि अरविंद मिश्रा द्वारा सम्मानित किया गया और आशीर्वाद प्रदान किया गया।
चुनाव को लेकर पूरे कैमोर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। चुनाव प्रक्रिया पूर्णतः शांतिपूर्ण रही, जिसमें पुलिस प्रशासन ने भी सराहनीय सहयोग किया। कार्यक्रम का समापन रात्रि 10 बजे भोज के साथ हुआ, जिसके बाद अरविंद मिश्रा भोपाल के लिए रवाना हुए।
कार्यक्रम में अखिलेश पांडे, रामनरेश तिवारी, कामता प्रसाद गौतम, मनमोहन सिंह, विष्णुकांत तिवारी, दिलराज राय, जितेंद्र निगम, कोमल साहू, महेश दहिया, रवि परोहा, सूर्य प्रताप सिंह, मांगी लाल, धीरज बर्मन, वाहिद खान, शशिकांत तिवारी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में अनुराग द्विवेदी ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
✍️ संतोष प्रसाद तिवारी
RPKP INDIA NEWS
कटनी
