4.74 लाख गौ-भैंसवंशीय पशुओं का होगा टीकाकरण
कटनी – नेशनल एनीमल डिसीज कन्ट्रोल प्रोग्राम के अन्तर्गत कटनी जिले में 4 लाख 78 हजार गौ-भैंसवंशीय पशुओं में मुंह-खुर रोग से बचाव के लिये टीकाकरण किया जा रहा है। जिलास्तरीय टीकाकरण कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं कलेक्टर शशिभूषण सिंह के दिशा-निर्देशन में पशु चिकित्सा विभाग के अमले एवं गौ सेवकों के माध्यम से जिले के सभी 6 विकासखण्डों में एक साथ 15 जुलाई से टीकाकरण कार्य शुरु किया गया है। यह अभियान 30 अगस्त तक लगातार चलेगा।
प्रभारी उप संचालक पशु चिकित्सा सेवा डॉ0 आर0के0 सिंह ने बताया कि पालतू पशुओं को खुर-मुंह रोग की घातक बीमारी से बचाने एवं रोग नियंत्रण उन्मूलन के लिये भारत सरकार के राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 15 जुलाई से 30 अगस्त तक सघन टीकाकरण अभियान जिले में चलाया जा रहा है। भारत सरकार के निर्देशानुसार टीकाकरण के साथ-साथ पशुओं में इनाफ टैगिंग कार्यक्रम अन्तर्गत पशुओं के कान में 12 संख्या वाला एक यूआईडी टैग लगाया जा रहा है। जिसका पंजीयन इनाफ पोर्टल पर किया जा रहा है। इसके साथ पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य सह टीकाकरण कार्ड प्रदाय किया जायेगा।

